हिंदी
ब्रिक्स समिट के दौरान मेहरबान हुआ मानसून (Img- X)
New Delhi: राजधानी दिल्ली में चल रहे ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन के दौरान मौसम ने अचानक करवट ले ली है। वैश्विक नेताओं की मेजबानी कर रही दिल्ली में बारिश के दस्तक देते ही भीषण गर्मी और चिपचिपाहट भरी उमस से लोगों को बड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग (IMD) की मानें तो यह सुहावना मौसम अभी बना रहेगा और आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, आज शनिवार को दिल्ली-एनसीआर के आसमान में घने बादल छाए रहेंगे। सुबह से लेकर दोपहर तक कई इलाकों में आकाशीय बिजली चमकने और आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
दोपहर के बाद भी रुक-रुक कर बौछारें पड़ने का सिलसिला जारी रहेगा। दिन के समय 15 से 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सुहानी दक्षिण-पूर्वी हवाएं चलेंगी, जिससे मौसम में ठंडक बनी रहेगी।
नदियां उफान पर, नावें बनीं सहारा: यूपी के 25 जिलों में बाढ़ का संकट, मौसम विभाग की नई भविष्यवाणी
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में मामूली बदलाव होगा, लेकिन इसके बाद पारे में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट देखने को मिलेगी। आज शहर का अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
बीते शुक्रवार को दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में हुई बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। शहर में औसतन 1.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बारिश पूसा इलाके में 17.5 मिमी रिकॉर्ड हुई, जबकि रिज में 10.6 मिमी और अयानगर में 10.0 मिमी पानी बरसा। पालम में तो हवा के झोंके 37 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंच गए थे, जिससे लोगों को काफी राहत महसूस हुई।
Location : New Delhi
Published : 12 September 2026, 7:47 AM IST