Weather Update: यूपी-दिल्ली में आसमान से बरस रही आग, 45 डिग्री पार पारा, जल्द बारिश के आसार

दिल्ली और उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी से हालात कठिन बने हुए हैं, कई जगह तापमान 45 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने हीटवेव का अलर्ट जारी किया है, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले दिनों में हल्की बारिश और तापमान में गिरावट की उम्मीद जताई गई है।

Updated : 27 April 2026, 7:46 AM IST
google-preferred

New Delhi/Lucknow: देश के उत्तरी और मध्य हिस्सों में इन दिनों भीषण गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार सोमवार को दिल्ली, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में हीटवेव का असर जारी रहेगा, हालांकि हफ्ते के अंत तक मौसम में बदलाव और हल्की राहत मिलने की संभावना जताई गई है।

दिल्ली में 45 डिग्री तक पहुंचा पारा

राजधानी दिल्ली में सोमवार को गर्मी अपने चरम पर रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के मुताबिक दोपहर या शाम के समय गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है, लेकिन फिलहाल गर्मी से बड़ी राहत की उम्मीद नहीं है।

Weather Update: राजधानी में आसमान से बरस रही आग, जानिये पूर्वोत्तर में मौसम कैसे ले रहा करवट

इन राज्यों में हीटवेव का अलर्ट

IMD ने सोमवार के लिए जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ, बिहार और गुजरात के कई हिस्सों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी भीषण गर्मी की आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार जब मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच जाए और सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री अधिक हो, तो उसे हीटवेव माना जाता है।

पूर्वोत्तर में भारी बारिश और तेज हवाओं का खतरा

जहां एक ओर उत्तर भारत गर्मी से जूझ रहा है, वहीं पूर्वोत्तर राज्यों में मौसम पूरी तरह अलग नजर आएगा। निचले वायुमंडल में बने निम्न दबाव क्षेत्र और चक्रवाती परिसंचरण के कारण पूर्वोत्तर में भारी बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना है।

अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश का अनुमान है, जबकि नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
साथ ही पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा में 70 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

उत्तर प्रदेश में गर्मी से राहत की उम्मीद

उत्तर प्रदेश में भी भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। कई जिलों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर बना हुआ है। रविवार को बांदा में तापमान 46.6 डिग्री और प्रयागराज में 45.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजधानी लखनऊ में सोमवार को तापमान 44 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है।

हालांकि राहत की खबर यह है कि 28 अप्रैल से मौसम में बदलाव शुरू हो सकता है। एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पहले पश्चिमी यूपी और फिर पूर्वी यूपी में हल्की बारिश और आंधी की संभावना है। इससे तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है।

35 जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट

सोमवार के लिए लखनऊ समेत करीब 35 जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इनमें बांदा, प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर, आगरा, झांसी और अयोध्या जैसे जिले शामिल हैं।

Weather Update: राजधानी में आसमान से बरस रही आग, जानिये पूर्वोत्तर में मौसम कैसे ले रहा करवट

हफ्ते के आखिर में राहत के संकेत

मौसम विभाग के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से सप्ताह के अंत तक उत्तर भारत के तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। इससे दिल्ली और यूपी सहित कई राज्यों में लोगों को झुलसाने वाली गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

फिलहाल लोगों को सावधानी बरतने, धूप में कम निकलने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है।

Location :  New Delhi/Lucknow

Published :  27 April 2026, 7:46 AM IST

Advertisement