हिंदी
दिल्ली के पीरगढ़ी तिहरे हत्याकांड के आरोपी तांत्रिक कमरुद्दीन को दिल्ली पुलिस फिरोजाबाद लेकर पहुंची। उसके घर से तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक से जुड़ी भारी मात्रा में सामग्री बरामद हुई है। पुलिस संपत्तियों और नेटवर्क की जांच में जुटी है।
तांत्रिक कमरुद्दीन को लेकर फिरोजाबाद पहुंची दिल्ली पुलिस
New Delhi: दिल्ली के पीरगढ़ी में हुए सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड के आरोपी तांत्रिक कमरुद्दीन को गुरुवार देर शाम दिल्ली पुलिस कड़ी सुरक्षा में फिरोजाबाद लेकर पहुंची। जैसे ही पुलिस टीम रामगढ़ थाना क्षेत्र के आकाशवाणी रोड, अजमेरी गेट स्थित उसके घर पहुंची, इलाके में हलचल मच गई। लेकिन इससे पहले ही उसके पांचों बेटे घर छोड़कर फरार हो चुके थे।
दिल्ली पुलिस ने आरोपी को कस्टडी में लेकर करीब एक घंटे तक घर की सघन तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस उस समय चौंक गई जब एक कमरे से तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक से जुड़ी भारी मात्रा में सामग्री बरामद हुई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कमरुद्दीन पिछले करीब 20 साल से तांत्रिक गतिविधियों में लिप्त था और खुद को चमत्कारी इलाज करने वाला बताता था।
‘बिना ऑपरेशन पथरी निकालने’ का दावा
जांच में सामने आया कि वह लोगों को लाइलाज बीमारियां ठीक करने का झांसा देता था। वह दावा करता था कि बिना किसी चीर-फाड़ या ऑपरेशन के, सिर्फ शरीर पर सफेद कपड़ा डालकर पथरी निकाल सकता है। इसी तरह के दावों से उसने कई लोगों को अपने जाल में फंसाया। बताया जा रहा है कि उसने चंद्रवार गेट स्थित एक दरगाह में भी लंबे समय तक डेरा डाले रखा, जहां वह बच्चों की नजर उतारने और झाड़ा लगाने का काम करता था।
संपत्तियों और पारिवारिक नेटवर्क की जांच
पुलिस को जांच में आकाशवाणी रोड पर ‘बिस्मिल्ला’ नाम से एक पुश्तैनी मैरिज होम की जानकारी भी मिली है। फिलहाल इसे उसके बेटे किराए पर चलाते हैं। कमरुद्दीन के पांच बेटे शमीद्दीन, मैनुद्दीन, अमुरद्दीन, चमन और आरिफ मजदूरी का काम करते बताए गए हैं।
पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने एक से अधिक शादियां की थीं, हालांकि उसकी पत्नियों के नाम और संख्या को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। दिल्ली पुलिस ने घर से बरामद संदिग्ध सामग्री को जब्त कर लिया है और आरोपी को अपने साथ वापस दिल्ली ले गई है। अब जांच एजेंसियां उसके आर्थिक स्रोत, संपत्तियों और संभावित सहयोगियों की कड़ी जांच में जुटी हैं।