हिंदी
कार का फोटो
New Delhi: पूर्वी दिल्ली के एनएच-9 स्थित गाजीपुर टोल टैक्स पर गुरुवार सुबह ऐसा मंजर बना कि हर कोई सन्न रह गया। तेज रफ्तार किआ सेल्टोस कार टोल की पर्ची कटवा रहे कंटेनर ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और कुछ ही पलों में एक परिवार खुशियों से मातम में बदल गया।
हादसे के वक्त कार में मां नीलम गर्ग (55), उनकी बेटी दीपांजलि (38), बेटा दीपांशु गर्ग (30) और दीपांजलि के दो मासूम बेटे विवान (5) और वाशु (3) सवार थे। टक्कर लगते ही कार करीब 30-40 फीट तक सड़क पर घिसटती चली गई। घिसटने के दौरान नीलम का शव कार से बाहर जा गिरा, जबकि दीपांजलि आगे की सीट में बुरी तरह फंस गईं। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई।
देहरादून से लौटते समय हुआ हादसा
पूर्वी जिला के अतिरिक्त आयुक्त अभिषेक धानिया के मुताबिक, परिवार रोहिणी सेक्टर-2 में रहता है। बुधवार रात दीपांशु और उनकी मां नीलम देहरादून से बेटी को लेने गए थे। देर रात सभी दिल्ली लौट रहे थे। सुबह करीब 6:35 बजे जैसे ही कार दिल्ली सीमा में दाखिल हुई, गाजीपुर टोल पर कंटेनर से टकरा गई। कार का बायां हिस्सा कंटेनर के पिछले हिस्से से भिड़ा। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि कार की रफ्तार 100 किमी प्रति घंटा से ज्यादा थी और चालक नियंत्रण खो बैठा।
दो मासूम और बेटा गंभीर
हादसे में दीपांशु, विवान और वाशु गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने किसी तरह उन्हें कार से बाहर निकाला और पास के मैक्स अस्पताल पहुंचाया। पुलिस और दमकल कर्मियों ने कटर से कार का अगला हिस्सा काटकर दीपांजलि का शव बाहर निकाला। फिलहाल अस्पताल में वाशु और दीपांशु की हालत नाजुक बनी हुई है।
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही गाजीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। क्राइम टीम और एफएसएल ने साक्ष्य जुटाए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए एलबीएस अस्पताल भेजा गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे क्रेन से क्षतिग्रस्त कार हटाकर सामान्य किया गया। एक बार फिर तेज रफ्तार ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं।
Location : New Delhi
Published : 13 February 2026, 4:00 AM IST
Topics : crime news Delhi Police New Delhi Road Accident