भारत में बेलगाम हुआ साइबर अपराध: एक साल में 206% की उछाल, पढ़ें चौंकानें वालें आकड़ें

भारत में साइबर अपराध का ग्राफ लगातार ऊपर चढ़ता जा रहा है। वर्ष 2024 में साइबर फ्रॉड के मामलों में अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज की गई है। गृह मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़े बताते हैं कि जहां 2023 में लगभग 7,465 रु. करोड़ की ठगी हुई थी, वहीं 2024 में यह आंकड़ा 22,845 रु. करोड़ तक पहुंच गया है। सरकार ने इस खतरे से निपटने के लिए कई अहम कदम उठाए हैं।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 24 July 2025, 7:54 AM IST
google-preferred

New Delhi: भारत में साइबर अपराध का दायरा दिनों-दिन बढ़ता जा रहा है। गृह मंत्रालय द्वारा हाल ही में लोकसभा में पेश किए गए आंकड़े इस खतरे की गंभीरता को उजागर करते हैं। आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2024 में साइबर फ्रॉड से देश को 22,845रु. करोड़ की चपत लगी है, जो 2023 की तुलना में 206% अधिक है। 2023 में यह आंकड़ा 7,465 रु. करोड़ था।

गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार ने लोकसभा में बताया कि नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) और सिटिजन फाइनेंशियल साइबर फ्रॉड रिपोर्टिंग एंड मैनेजमेंट सिस्टम (CFCFRMS) पर 2024 में कुल 36.40 लाख वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायतें दर्ज की गईं। जबकि 2023 में यह संख्या 24.4 लाख थी। इससे यह साफ हो जाता है कि साइबर अपराधों में भारी इजाफा हो रहा है।

डरावने आंकड़े, बढ़ते खतरे

गृह राज्य मंत्री के मुताबिक, 2024 में 22.7 लाख साइबर अपराध की शिकायतें दर्ज की गईं, जो 2023 में 15.9 लाख थीं। यानी साइबर अपराधों में 42% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। ये आंकड़े न सिर्फ चौंकाने वाले हैं, बल्कि देश की डिजिटल सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करते हैं।

भारत में साइबर फ्रॉड बेकाबू

सरकार की सतर्कता

हालांकि, सरकार ने इस बढ़ते साइबर खतरे से निपटने के लिए कई अहम कदम भी उठाए हैं। CFCFRMS की मदद से अब तक 17.8 लाख शिकायतों के आधार पर ₹5,489 करोड़ की रकम को धोखाधड़ी से बचाया जा चुका है। इसके अलावा, गृह मंत्रालय की निगरानी में पुलिस और तकनीकी एजेंसियों ने अब तक 9.42 लाख से अधिक सिम कार्ड और 2,63,348 मोबाइल IMEI नंबर को ब्लॉक कर दिया है। साथ ही Pratibimb मॉड्यूल की सहायता से 10,599 साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

साइबर फ्रॉड से कैसे बचें?

साइबर विशेषज्ञों और सरकार की सलाह मानें तो सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है। निम्नलिखित उपायों को अपनाकर आप साइबर धोखाधड़ी से बच सकते हैं।
• संदिग्ध लिंक, ईमेल और कॉल से दूर रहें।
• मजबूत पासवर्ड बनाएं और 2-फैक्टर ऑथेंटिकेशन चालू करें।
• केवल https:// से शुरू होने वाली सुरक्षित वेबसाइट का ही इस्तेमाल करें।
• अपनी व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करें।
• अपने मोबाइल और कंप्यूटर का सॉफ्टवेयर नियमित रूप से अपडेट रखें।
• पब्लिक वाई-फाई पर बैंकिंग या लॉगिन जैसी संवेदनशील गतिविधियां न करें।

Location : 

Published :