हिंदी
पी.वी. कुलकर्णी (Img : Google)
New Delhi : NEET-UG 2026 परीक्षा जैसे सख्त सुरक्षा वाले एग्जाम में पेपर लीक का खेल सामने आना पूरे सिस्टम पर बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है। सीबीआई की जांच में अब जो सच बाहर आया है। उसने सीधे संगठित अपराध की शक्ल में खड़ा कर दिया है। परीक्षा से पहले ही सवाल बाहर निकालकर छात्रों तक पहुंचाने का यह पूरा नेटवर्क बेहद सुनियोजित तरीके से चल रहा था। जहां कोचिंग और परीक्षा सिस्टम के बीच की लाइन को ही धुंधला कर दिया गया। CBI ने मामले के किंगपिन यानी सरगना को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान पी.वी. कुलकर्णी के रूप में हुई है।
सीबीआई की जांच में पूरे पेपर लीक रैकेट का संचालन एक शख्स पीवी कुलकर्णी कर रहा था। बताया जा रहा है कि वह नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) से जुड़े परीक्षा प्रोसेस में शामिल था, जिसकी वजह से उसे प्रश्न पत्रों तक पहुंच मिल गई। इसी पहुंच का गलत इस्तेमाल करते हुए उसने एक पूरा नेटवर्क तैयार किया और परीक्षा से पहले ही सवालों को बाहर पहुंचाने का खेल शुरू कर दिया।
जांच में अप्रैल 2026 के आखिरी हफ्ते में पुणे में एक खास तरह की स्पेशल कोचिंग क्लास चलाई गई। इसी दौरान छात्रों को बुलाया गया और उन्हें वही प्रश्न और विकल्प बताए गए जो बाद में NEET-UG 2026 परीक्षा में आए। इस पूरे खेल में मनीषा मघावारे की भूमिका भी सामने आई है, जिसे सीबीआई ने गिरफ्तार किया है। छात्रों को भरोसा दिलाया गया कि यह सामान्य तैयारी है, लेकिन असल में यह पूरा सिस्टम पेपर लीक का हिस्सा था।
सीबीआई जांच में सामने आया कि छात्रों ने कोचिंग में जो सवाल लिखे थे। वही परीक्षा में हूबहू मिल गए। इसके बाद शक गहराया और जांच तेज हुई। एजेंसी ने मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और कई अहम दस्तावेज जब्त किए हैं। इनकी फॉरेंसिक जांच के बाद पूरे नेटवर्क की परतें धीरे-धीरे खुलने लगीं।
सीबीआई ने इस केस में जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे और अहिल्यानगर समेत कई शहरों में छापेमारी की। अब तक 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें से 5 को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। 2 आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाया जा रहा है।
Location : New Delhi
Published : 15 May 2026, 7:56 PM IST
Topics : CBI Exam Scam NEET UG 2026 Paper Leak Case