असम में आसमानी आफत: 7 लाख जिंदगियों पर मंडराया संकट, 41 की मौत के बाद सेना-IAF ने संभाला मोर्चा; क्या है मौजूदा हालत

असम में बाढ़ से हालात बेहद नाजुक! 25 जिलों में 7 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित, मरने वालों की संख्या 41 हुई। सेना, IAF और NDRF की टीमें 'ऑपरेशन जल राहत' के तहत बचाव कार्य में जुटी हैं। मौसम विभाग ने जताई और बारिश की आशंका।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 23 July 2026, 8:10 AM IST
google-preferred

Guwahati: पूर्वोत्तर का खूबसूरत राज्य असम इस समय सदी की सबसे भीषण प्राकृतिक आपदाओं में से एक का सामना कर रहा है। आसमान से बरसती आफत और नदियों के विकराल रूप ने लाखों जिंदगियों को एक पल में बेघर कर दिया है।

राज्य के 25 जिलों में बाढ़ का पानी घुस चुका है, जिससे 7.27 लाख से ज्यादा लोग सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं। स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब तक 41 बेकसूर लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, जिनमें से 10 मौतें केवल बीते बुधवार को दर्ज की गईं।

100 से ज्यादा लापता

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के अनुसार, बाढ़ के तेज बहाव में 100 से ज्यादा लोग अभी भी लापता हैं। जैसे-जैसे दूरदराज के इलाकों में बचाव दल पहुंच रहे हैं, स्थिति और भयावह होती जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में मृतकों का आंकड़ा और बढ़ सकता है।

प्रभावित इलाकों से बेघर हुए लगभग 18,000 लोगों को सरकार द्वारा बनाए गए 469 राहत शिविरों में शरण दी गई है, जहां उन्हें भोजन, साफ पानी और दवाइयां मुहैया कराई जा रही हैं।

मानसून का दिखा रौद्र रूप, दिल्ली को मिली राहत तो उत्तराखंड-मध्य प्रदेश में भारी तबाही का खतरा

ऑपरेशन जल राहत से जगी उम्मीद

संकट की इस घड़ी में भारतीय सेना, वायु सेना (IAF), NDRF और SDRF के जवान ढाल बनकर खड़े हैं। सेना ने 'ऑपरेशन जल राहत' चलाकर अब तक 700 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाला है।

वहीं दुर्गम और पूरी तरह से कटे हुए इलाकों में वायु सेना के हेलीकॉप्टर राशन पहुंचा रहे हैं। नज़ीरा जैसे इलाकों में तीन विशेष हवाई फेरों के जरिए 627 किलोग्राम राहत सामग्री गिराई गई। इसके अलावा, जिन जगहों पर नावें नहीं पहुंच पा रही हैं, वहां नुकसान का सही आकलन करने के लिए ड्रोन कैमरों का सहारा लिया जा रहा है।

आगे और बढ़ेगी मुसीबत?

इस जल प्रलय ने राज्य के परिवहन तंत्र की कमर तोड़ दी है। कई जिलों का सड़क संपर्क मुख्य मार्गों से टूट गया है। पटरियों पर पानी भरने और कटान के कारण 30 से अधिक ट्रेनों को रद्द या उनके समय में बदलाव करना पड़ा है।

Weather Update: देश के 18 राज्यों में भयंकर बारिश की चेतावनी, हिमाचल में रेड अलर्ट, क्या मानसून इस बार तोड़ देगा सारे रिकॉर्ड?

केंद्रीय जल आयोग (CWC) के मुताबिक, ब्रह्मपुत्र, बुढ़ीदिहिंग और धनसिरी समेत कई प्रमुख नदियाँ खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि ऊपरी असम में अभी और भारी बारिश हो सकती है, जिससे स्थिति और बिगड़ने की आशंका है।

Location :  Guwahati

Published :  23 July 2026, 8:10 AM IST

Related News

Advertisement