हिंदी
महराजगंज: भारत और नेपाल के बीच मजबूत रक्षा सहयोग का एक और उदाहरण रविवार को सोनौली अंतरराष्ट्रीय व्यापार एवं पारगमन मार्ग पर देखने को मिला, जहां भारतीय सेना द्वारा नेपाल सेना को कुल 50 सैन्य वाहन सुपुर्द किए गए। यह हस्तांतरण 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एस.एस.बी.) महराजगंज के एफ समवाय सोनौली के मार्ग से पूरी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुआ।
क्या है पूरी खबर?
जानकारी के अनुसार, 08 फरवरी 2026 को दोपहर लगभग 1:50 बजे भारतीय सेना ने नेपाल सेना को 7.5 टन क्षमता वाले 20 ALS ट्रक तथा 2.5 टन क्षमता वाले 30 टाटा ट्रक, कुल मिलाकर 50 वाहन सौंपे। इन वाहनों को सोनौली सीमा मार्ग से एस.एस.बी. के जवानों द्वारा सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से नेपाल सेना के सुपुर्द करते हुए रवाना किया गया।
सैन्य अधिकारी एवं जवान मौजूद
इस अवसर पर भारतीय सेना की ओर से कर्नल जपेंद्र पाल सिंह और मेजर अर्जुन चौहान सहित अन्य सैन्य अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे। वहीं नेपाल सेना की तरफ से लेफ्टिनेंट कर्नल हरी प्रसाद भट्टराई के नेतृत्व में सैन्य दल उपस्थित रहा।
जवानों ने पूरे ऑपरेशन को सफलतापूर्वक किया संपन्न
वाहनों के सुरक्षित पारगमन और सीमा प्रबंधन की जिम्मेदारी 22वीं वाहिनी एस.एस.बी. महराजगंज के अधिकारियों ने संभाली। इस दौरान सहायक कमांडेंट सी. विवेक एवं निरीक्षक (सामान्य) प्रशांत कुमार सिंह के साथ अन्य जवानों ने पूरे ऑपरेशन को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।
नेपाल की रणनीतिक साझेदारी
यह सैन्य सहयोग दोनों देशों के बीच दशकों पुराने मित्रवत संबंधों और आपसी विश्वास को और मजबूत करता है। सीमा पर इस तरह का समन्वय न केवल सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करता है, बल्कि भारत–नेपाल की रणनीतिक साझेदारी को भी नई ऊंचाई देता है।
सुरक्षा बलों की चुस्त व्यवस्था
स्थानीय स्तर पर भी इस सुव्यवस्थित सैन्य गतिविधि को लेकर लोगों में उत्सुकता देखी गई। सुरक्षा बलों की चुस्त व्यवस्था और अनुशासित संचालन ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि सीमाओं पर तैनात जवान हर परिस्थिति में देश की जिम्मेदारियों को बखूबी निभा रहे हैं।
Location : Maharajganj
Published : 8 February 2026, 5:41 PM IST
Topics : cooperation Example india nepal Indian Army Maharajganj