हिंदी
राजा रघुवंशी केस से जुड़ते दिखे तार (Img: Pinterest)
Pune: महाराष्ट्र के पुणे में रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में पुलिस को बड़ा सुराग मिला है। जांच के दौरान मुख्य आरोपी और केतन की मंगेतर सिया गोयल के मोबाइल की डिजिटल फॉरेंसिक जांच में पता चला कि उसने हत्या से पहले इंटरनेट पर कई ऐसे सवाल सर्च किए थे, जो जांच एजेंसियों के लिए बेहद अहम साबित हुए हैं। पुलिस का दावा है कि सिया ने मध्य प्रदेश के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में आरोपी सोनम रघुवंशी से जुड़ी खबरों और उसकी कथित गलतियों का अध्ययन किया था।
पुलिस के मुताबिक सिया गोयल ने गूगल पर ऐसे सवाल खोजे थे, जिनमें शामिल था— क्या पुलिस कस्टडी में महिलाओं से मारपीट होती है? हत्या के बाद पूछताछ कैसे होती है? सोनम रघुवंशी से पुलिस ने कौन-कौन से सवाल पूछे थे? और उसे हाईकोर्ट से जमानत कैसे मिली? जांच एजेंसियों का मानना है कि ये सर्च उसकी कथित योजना का हिस्सा हो सकते हैं।
18 जून को पुणे के ऐतिहासिक लोहागढ़ किले से गिरने के कारण केतन अग्रवाल की मौत हुई थी। शुरुआत में इसे दुर्घटना माना गया, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर मामला हत्या में बदल गया। पुलिस का आरोप है कि सिया गोयल ने अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और केतन को खाई में धक्का देकर मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस का कहना है कि सिया गोयल ने राजा रघुवंशी हत्याकांड की मीडिया रिपोर्ट्स पढ़ीं और कथित तौर पर उन गलतियों को समझने की कोशिश की, जिनके आधार पर जांच एजेंसियां आरोपियों तक पहुंची थीं। पुलिस के अनुसार, उसने अपने लिए अलिबी (घटना के समय कहीं और होने का सबूत) तैयार करने की भी कोशिश की, ताकि जांच को भ्रमित किया जा सके।
पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद पुणे की अदालत ने सिया गोयल और चेतन चौधरी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। दोनों फिलहाल येरवडा जेल में बंद हैं। पुलिस का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों, कॉल डिटेल, लोकेशन और अन्य तकनीकी प्रमाणों के आधार पर मामले की आगे जांच जारी है।
Location : Pune
Published : 7 July 2026, 2:26 PM IST
Topics : crime news Ketan Agarwal Murder Case Pune News