लंदन का NRI दूल्हा, नकली पुलिस और ₹62 हजार की ठगी; बरेली की इस लड़की के साथ जो हुआ वो आपको चौंका देगा

बरेली में इंस्टाग्राम पर खुद को लंदन का NRI बताने वाले साइबर ठग ने शादी का झांसा देकर एक युवती से 62 हजार रुपये ठग लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 7 July 2026, 1:47 PM IST
google-preferred

Bareilly: उत्तर प्रदेश के बरेली के बिथरी चैनपुर क्षेत्र में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने खुद को लंदन में रहने वाला NRI बताकर इंस्टाग्राम पर युवती से दोस्ती की। कुछ ही दिनों में उसने शादी का प्रस्ताव रखा और भरोसा जीत लिया। इसके बाद उसने भारत आकर शादी करने का वादा किया और इसी बहाने युवती से पैसे ठग लिए।

एयरपोर्ट पर फंसने की कहानी सुनाकर मांगे रुपये

पुलिस के अनुसार, करीब तीन महीने पहले आरोपी ने इंस्टाग्राम के जरिए युवती से संपर्क किया। बाद में दोनों की बातचीत व्हाट्सएप पर होने लगी। आरोपी ने ई-टिकट बनवाने का बहाना बनाकर युवती से आधार कार्ड की कॉपी भी ले ली। कुछ दिन बाद उसने फोन कर बताया कि वह दिल्ली एयरपोर्ट पहुंच चुका है, लेकिन जांच के दौरान उसे रोक लिया गया है। उसने जुर्माना भरने के लिए 12 हजार रुपये तुरंत ऑनलाइन भेजने की बात कही। शादी की बात पर भरोसा करते हुए युवती ने बताए गए खाते में पैसे ट्रांसफर कर दिए।

गुजरात हाई कोर्ट का बड़ा फैसला: जानिए कैसे 18 साल बाद अहमदाबाद ब्लास्ट के दोषियों को अंजाम तक पहुंचाया गया

नकली पुलिस अधिकारी बनकर ठगे 50 हजार रुपये

इसके बाद दूसरे मोबाइल नंबर से एक व्यक्ति ने खुद को पुलिस अधिकारी बताया। उसने कहा कि आरोपी को छोड़ने के लिए 50 हजार रुपये जमा कराने होंगे। युवती ने उसकी बात पर विश्वास कर यह रकम भी ऑनलाइन भेज दी। पैसे मिलने के बाद ठगों ने अपना असली रूप दिखाया। नकली पुलिस अधिकारी ने युवती को अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देनी शुरू कर दी। इसके बाद युवती को एहसास हुआ कि वह साइबर ठगी का शिकार हो गई है।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

पीड़िता की शिकायत पर बिथरी चैनपुर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस साइबर ठगों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है। मोबाइल नंबर, बैंक खाते और डिजिटल लेनदेन की जानकारी खंगाली जा रही है।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

एसएसपी अनुराग आर्य ने लोगों से सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करने में सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के कहने पर आधार कार्ड, पहचान पत्र या अन्य निजी दस्तावेज साझा न करें। बिना पूरी जांच किए किसी भी खाते में ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर न करें। यदि किसी तरह की साइबर ठगी का संदेह हो तो तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करें। पुलिस का कहना है कि जागरूकता और सतर्कता ही ऐसे साइबर अपराधों से बचने का सबसे प्रभावी तरीका है।

Location :  Bareilly

Published :  7 July 2026, 1:47 PM IST

Advertisement