17 जून को शादी के लिए जाना था गांव, मुंबई सड़क हादसे में उजड़ गईं खुशियां; एकमात्र कमाने वाले बेटे की मौत से परिवार में कोहराम

मुंबई के दादर में एक बेकाबू BEST बस ने कई गाड़ियों को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में 28 वर्षीय स्विगी डिलीवरी एग्जीक्यूटिव नियाज अहमद शेख की मौत हो गई, जिसकी कुछ ही दिनों बाद शादी होने वाली थी। हादसे में चार अन्य लोग भी घायल हुए हैं।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 9 June 2026, 10:01 AM IST
google-preferred

Mumbai: मुंबई के दादर इलाके से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां सोमवार सुबह प्लाजा सिनेमा जंक्शन के पास एक तेज रफ्तार बेस्ट (BEST) बस के ड्राइवर ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया। बेकाबू हो चुकी बस ने सड़क पर चल रही कई गाड़ियों को एक के बाद एक जोरदार टक्कर मार दी।

इस भीषण दुर्घटना की चपेट में आने से 28 वर्षीय स्विगी डिलीवरी एग्जीक्यूटिव नियाज अहमद शेख की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, इस हादसे में चार अन्य राहगीर और वाहन चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ट्रैफिक में फंसी एंबुलेंस, पुलिस की गाड़ी से पहुंचाया गया अस्पताल*

हादसे के वक्त मौके पर मौजूद स्थानीय निवासी और प्रत्यक्षदर्शी अमित चव्हाण के मुताबिक, जब बस प्लाजा सिनेमा के पास अनियंत्रित होकर गाड़ियों से टकराई, तो बाइक पर सवार नियाज अहमद शेख को बेहद गंभीर चोटें आईं। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन मुंबई के भारी ट्रैफिक के कारण एंबुलेंस समय पर मौके पर नहीं पहुंच सकी।

मुंबई में पुलिस का बड़ा एक्शन: अंधेरी से 7 अवैध बांग्लादेशी गिरफ्तार, 15 साल से छिपा रखा था राज

नियाज की बिगड़ती हालत को देखते हुए स्थानीय लोगों ने वहां तैनात पुलिसकर्मियों की मदद ली और तड़प रहे नियाज को पुलिस की गाड़ी में डालकर सायन अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचते ही उन्हें मृत घोषित कर दिया।

कुछ ही दिनों बाद होने वाली थी शादी, गांव जाने की थी तैयारी

इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को हमेशा के लिए उजाड़ दिया है। दक्षिण मुंबई के नल बाजार इलाके में रहने वाले नियाज के चाचा रौज अली ने बताया कि नियाज के फोन में इमरजेंसी कॉन्टैक्ट के तौर पर उनका नंबर सेव था, जिसके जरिए उन्हें इस हादसे की सूचना मिली। रौज अली ने भर्राई आवाज में बताया कि नियाज के लिए लड़की देखी जा चुकी थी और आगामी 17 जून को वह शादी के सिलसिले में ही अपने गांव जाने वाला था।

लेकिन इस हादसे ने सब कुछ खत्म कर दिया। अब कानूनी प्रक्रिया और पोस्टमॉर्टम पूरा होने के बाद परिवार उसके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए उत्तर प्रदेश (यूपी) स्थित उनके पैतृक गांव ले जाएगा।

घर से निकली 16 साल की किशोरी, फिर आया मुंबई से फोन; परिजनों के पैरों तले खिसकी जमीन

परिवार का इकलौता सहारा था नियाज, पहले भी झेल चुके हैं गम

नियाज अहमद शेख अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था, जिसके कंधों पर पूरे घर की जिम्मेदारी थी। रौज अली ने बताया कि इस बदनसीब परिवार ने पहले भी एक बड़ा दर्द झेला है, जब कुछ साल पहले नियाज की बहन की भी एक सड़क दुर्घटना में ही मौत हो गई थी। डिलीवरी पर्सन के तौर पर काम करने से पहले नियाज एक मेटल कंपनी में नौकरी करता था।

लेकिन वहां मिलने वाली सैलरी से घर का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा था, जिसके कारण उसने ज्यादा पैसे कमाने की उम्मीद में स्विगी (Swiggy) के साथ काम करना शुरू किया था। पुलिस ने बस ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Location :  Mumbai

Published :  9 June 2026, 10:01 AM IST

Advertisement