

क्या आंखों पर खीरा रखने से सच में सूजन और डार्क सर्कल्स में राहत मिलती है? जानिए डॉक्टरों की राय, खीरे के फायदे, इस्तेमाल का तरीका और जरूरी सावधानियां।
आंखों पर खीरे रखने के फायदे (Img- Freepik)
New Delhi: आजकल की तेज़ रफ्तार जिंदगी, लगातार मोबाइल और लैपटॉप स्क्रीन से चिपकी आंखें और नींद की कमी ने आंखों की सेहत पर गहरा असर डाला है। आंखों की थकान, सूजन और डार्क सर्कल्स की समस्या आम होती जा रही है। सोशल मीडिया और ब्यूटी ट्रेंड्स में अकसर देखा गया है कि लोग थकी हुई आंखों पर खीरे के स्लाइस रखकर आराम करते हैं। लेकिन सवाल यह है कि क्या खीरे का यह प्रयोग केवल एक ब्यूटी ट्रेंड है या वास्तव में इससे आंखों को राहत मिलती है?
खीरे में मौजूद तत्व देते हैं आराम
विशेषज्ञों का कहना है कि खीरे में विटामिन C, कैफिक एसिड और प्राकृतिक एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं, जो आंखों की सूजन को कम करने और डार्क सर्कल्स को हल्का करने में सहायक हो सकते हैं। हालांकि, यह कोई मेडिकल इलाज नहीं है, लेकिन एक सपोर्टिव और नेचुरल तरीका जरूर है जिससे कई लोगों को आराम महसूस हुआ है।
ठंडी तासीर से सूजन में राहत
खीरे की ठंडी प्रकृति आंखों की थकान को कम करने में मदद करती है। लंबे समय तक स्क्रीन के सामने काम करने के बाद जब आंखों में जलन और भारीपन महसूस हो तो ठंडा खीरा रखने से तात्कालिक राहत मिल सकती है। यह तरीका शरीर को रिलैक्स महसूस कराता है और आंखों की सूजन कुछ हद तक कम कर सकता है।
डार्क सर्कल्स पर असर
खीरे में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट और सिलिका नामक तत्व त्वचा को टोन करने और आंखों के नीचे की डलनेस को कम करने में सहायक हो सकते हैं। नियमित रूप से खीरा लगाने से हल्के डार्क सर्कल्स में कुछ फर्क देखा गया है।
मॉइस्चर प्रदान करता है
खीरे में लगभग 95% पानी होता है, जो त्वचा को नमी प्रदान करता है। आंखों के चारों ओर की कोमल त्वचा को हाइड्रेट करने के लिए खीरे का इस्तेमाल फायदेमंद हो सकता है।
कैसे करें सही उपयोग?
1. खीरे को फ्रिज में 15–20 मिनट तक ठंडा करें।
2. फिर उसके दो पतले स्लाइस काटें और साफ आंखों पर रखें।
3. 10–15 मिनट तक आंखें बंद करके रिलैक्स करें।
4. इसके बाद आंखों को हल्के गीले कपड़े से पोंछ लें।
जरूरी सावधानियां:
1. खीरे को अच्छी तरह धोकर ही उपयोग करें।
2. यदि त्वचा संवेदनशील है या एलर्जी की आशंका हो तो पहले पैच टेस्ट करें।
3. किसी भी गंभीर नेत्र समस्या जैसे लगातार जलन, दर्द या लालिमा के लिए डॉक्टर की सलाह लें।
4. खीरा सिर्फ एक घरेलू सहायक उपाय है, इसे इलाज का विकल्प न समझें।