हिंदी
तुलसी को हरा-भरा रखने के आसान उपाय (Img- Pinterest)
New Delhi: हिंदू धर्म में तुलसी के पौधे का विशेष धार्मिक और औषधीय महत्व माना जाता है। यही वजह है कि लगभग हर घर के आंगन या बालकनी में तुलसी का पौधा जरूर दिखाई देता है। लोग इसे हरा-भरा रखने के लिए रोजाना जल चढ़ाते हैं और पूरी देखभाल करते हैं।
हालांकि, कई बार रोजाना पानी देने के बावजूद पौधा अचानक सूखने लगता है या उसकी पत्तियां पीली पड़कर गिरने लगती हैं। अगर आपका पौधा भी बेजान हो रहा है, तो परेशान होने के बजाय कुछ बेहद आसान घरेलू ट्रिक्स अपनाकर इसे दोबारा हरा-भरा और घना बनाया जा सकता है।
जैसे ही तुलसी के पौधे पर मंजरी यानी बीज आने शुरू होते हैं, पौधा अपनी सारी ऊर्जा उन बीजों को पकाने में लगाने लगता है। इस वजह से नई पत्तियों की ग्रोथ रुक जाती है और पौधा धीरे-धीरे सूखने लगता है। पौधे को हमेशा हरा-भरा रखने के लिए जैसे ही मंजरी दिखाई दे, उसे कैंची की मदद से काट दें। ऐसा करने से पौधे की एनर्जी नई शाखाएं और पत्तियां उगाने में लगेगी, जिससे तुलसी का पौधा तेजी से घना होने लगेगा।
अक्सर लोग पौधे को सूखने से बचाने के चक्कर में उसमें रोजाना जरूरत से ज्यादा पानी डाल देते हैं। गमले में लगातार पानी भरे रहने से मिट्टी में नमी बहुत ज्यादा बढ़ जाती है और जड़ें सड़ने लगती हैं, जो पौधे के सूखने का सबसे बड़ा कारण बनता है।
तुलसी में पानी तभी डालें जब गमले की ऊपरी मिट्टी हल्की सूखी दिखाई दे। इसके अलावा, गमले के नीचे एक ड्रेनेज होल (छेद) जरूर बनाएं ताकि अतिरिक्त पानी आसानी से बाहर निकल सके।
तुलसी की पत्तियों और जड़ों में कई बार काले कीड़े या फंगस लग जाते हैं, जो धीरे-धीरे पौधे को अंदर से खोखला कर देते हैं। इससे बचाव के लिए एक चम्मच हल्दी पाउडर को एक लीटर पानी में मिलाकर पौधे पर स्प्रे करें।
हल्दी प्राकृतिक एंटीफंगल का काम करती है। इसके अलावा, एक लीटर पानी में नीम के तेल की कुछ बूंदें मिलाकर छिड़काव करने से भी कीड़े और फंगस पौधे से दूर रहते हैं।
क्या यह गंदी आदत है? जानें बच्चे की इस हरकत के पीछे का वैज्ञानिक सच और पेरेंट्स के लिए काम के टिप्स
तुलसी के पौधे को स्वस्थ रहने के लिए हर दिन 4 से 5 घंटे की सुबह की धूप मिलना बेहद जरूरी होता है। हालांकि, दिनभर की बहुत तेज कड़क धूप में रखने से भी पत्तियां झुलस सकती हैं। इसलिए पौधे को ऐसी जगह रखें जहाँ पर्याप्त रोशनी और हल्की धूप मिले। साथ ही, महीने में एक बार गमले की मिट्टी की हल्की गुड़ाई करके उसमें वर्मीकंपोस्ट या गोबर की खाद मिलाएं, जिससे पौधे को सही पोषण मिलता रहेगा।
Location : New Delhi
Published : 7 October 2026, 2:12 PM IST