पश्चिमी यूपी के छात्रों को बड़ी राहत! अब दिल्ली नहीं जाना पड़ेगा, मेरठ में होंगे UPSC सिविल सेवा, NDA और CDS के एग्जाम

मेरठ में पहली बार यूपीएससी सिविल सेवा, एनडीए और सीडीएस परीक्षाओं के केंद्र बनाए गए हैं। इससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के हजारों छात्रों को दिल्ली और अन्य शहरों में परीक्षा देने जाने से राहत मिलेगी। 24 मई को यूपीएससी प्रारंभिक परीक्षा 14 केंद्रों पर आयोजित होगी।

Updated : 22 May 2026, 8:27 AM IST
google-preferred

Meerut: पश्चिमी उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। अब मेरठ के छात्रों को संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की महत्वपूर्ण परीक्षाओं में शामिल होने के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। पहली बार मेरठ में यूपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा, राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) और संयुक्त रक्षा सेवा (सीडीएस) परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इससे मेरठ समेत आसपास के जिलों के हजारों छात्रों को बड़ी राहत मिलेगी।

यूपीएससी की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, वर्ष 2026 से मेरठ में यूपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के साथ-साथ एनडीए-द्वितीय और सीडीएस-द्वितीय परीक्षाओं के केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे। यह फैसला पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अभ्यर्थियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

UPSC Main Exam 2021: यूपीएससी सिविल सर्विस मेन परीक्षा की तिथियां हुईं घोषित, यहां देखें पूरी अधिसूचना

अब दूसरे शहरों में नहीं जाना पड़ेगा

अब तक मेरठ, मुजफ्फरनगर, बागपत, सहारनपुर, शामली और आसपास के जिलों के छात्रों को यूपीएससी, एनडीए और सीडीएस जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में शामिल होने के लिए दिल्ली, गाजियाबाद, प्रयागराज और अन्य शहरों में जाना पड़ता था। परीक्षा केंद्र दूर होने की वजह से अभ्यर्थियों को यात्रा, ठहरने और भोजन पर अतिरिक्त खर्च करना पड़ता था। कई छात्रों को लंबी दूरी तय करने के कारण मानसिक और शारीरिक परेशानी का भी सामना करना पड़ता था।

अब मेरठ में परीक्षा केंद्र बनने से अभ्यर्थी अपने ही शहर में परीक्षा दे सकेंगे। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी। साथ ही अधिक संख्या में युवा इन प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने के लिए प्रेरित होंगे।

24 मई को होगी यूपीएससी प्रारंभिक परीक्षा

यूपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 का आयोजन 24 मई को किया जाएगा। इसके लिए मेरठ में कुल 14 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इस परीक्षा में 5,902 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं और सभी केंद्रों पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

प्रशासन की ओर से सुरक्षा, यातायात और परीक्षा संचालन को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।

UPSC Main Exam 2021: यूपीएससी सिविल सर्विस मेन परीक्षा की तिथियां हुईं घोषित, यहां देखें पूरी अधिसूचना

दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए विशेष केंद्र

दिव्यांग अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस्माईल नेशनल महिला पीजी कॉलेज, बुढ़ाना गेट को विशेष परीक्षा केंद्र बनाया गया है। यहां दिव्यांग छात्रों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी ताकि वे बिना किसी परेशानी के परीक्षा दे सकें।

दो पालियों में होगी परीक्षा

यूपीएससी प्रारंभिक परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक होगी, जबकि दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित की जाएगी।

वहीं, एनडीए-द्वितीय और सीडीएस-द्वितीय परीक्षाएं 13 सितंबर को आयोजित होंगी। मेरठ में पहली बार इन परीक्षाओं के केंद्र बनने से युवाओं में उत्साह देखा जा रहा है। छात्रों और अभिभावकों का मानना है कि यह फैसला पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रतियोगी छात्रों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगा।

Location :  Meerut

Published :  22 May 2026, 8:27 AM IST

Advertisement