रूस-यूक्रेन युद्ध पर बढ़ा तनाव: ट्रम्प ने पुतिन को दी चेतावनी, तीसरे विश्व युद्ध की आशंका गहराई

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के तीखे तेवरों और रूस की ओर से बड़े सैन्य हमले के चलते हालात बेहद संवेदनशील हो गए हैं। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की ये रिपोर्ट

Post Published By: Sapna Srivastava
Updated : 28 May 2025, 5:24 PM IST
google-preferred

नई दिल्ली: रूस-यूक्रेन युद्ध एक बार फिर वैश्विक मंच पर चर्चा का केंद्र बन गया है। इस बार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के तीखे तेवरों और रूस की ओर से बड़े सैन्य हमले के चलते हालात बेहद संवेदनशील हो गए हैं। ट्रम्प ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन को चेताते हुए कहा है कि "पुतिन आग से खेल रहे हैं", जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता की लहर दौड़ गई है।

ट्रम्प की तीखी चेतावनी और प्रतिबंधों की तैयारी

डोनाल्ड ट्रम्प ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पुतिन को चेतावनी दी और कहा कि अगर वे राष्ट्रपति न होते, तो रूस की स्थिति बहुत खराब हो चुकी होती। ट्रम्प के अनुसार, अमेरिका रूस के खिलाफ नए प्रतिबंध लगाने पर विचार कर रहा है, और इस सप्ताह के अंत तक इस पर फैसला लिया जा सकता है।

ट्रम्प का यह बयान यूक्रेन पर रूस के हालिया बड़े हवाई हमले के बाद आया है। ट्रम्प ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पुतिन पूरी तरह पागल हो गए हैं और उन्हें रोका जाना जरूरी है।

रूस का सबसे बड़ा हमला और आरोप

24 मई को रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर पिछले तीन वर्षों का सबसे बड़ा हवाई हमला किया। इसमें 9 बैलिस्टिक मिसाइलें, 60 क्रूज मिसाइलें और 298 ड्रोन शामिल थे। इस हमले ने न केवल यूक्रेन बल्कि पश्चिमी देशों की चिंता भी बढ़ा दी है।

रूस ने इसके बाद दावा किया कि यूक्रेन ने राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन की हत्या की साजिश रची थी। रूसी वायु सेना के मेजर जनरल यूरी डैशकिन के अनुसार, 20 मई को पुतिन के कुर्स्क दौरे के दौरान यूक्रेनी ड्रोन हमले में उनके हेलिकॉप्टर को निशाना बनाया गया। हालांकि, सभी 46 ड्रोन को मार गिराया गया और राष्ट्रपति सुरक्षित रहे।

रूस की चेतावनी

ट्रम्प के बयान पर रूस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। पूर्व रूसी राष्ट्रपति और वर्तमान सुरक्षा परिषद के उपाध्यक्ष दिमित्री मेदवेदेव ने कहा कि उन्हें एक ही बुरी चीज की आशंका है – तीसरा विश्व युद्ध। उन्होंने उम्मीद जताई कि ट्रम्प इस खतरे को समझेंगे। यह बयान वैश्विक शांति के लिए एक गंभीर संकेत माना जा रहा है।

अमेरिकी सांसदों का दबाव

अमेरिकी सीनेटरों ने भी ट्रम्प पर रूस के खिलाफ सख्त रुख अपनाने का दबाव बढ़ा दिया है। रिपब्लिकन सीनेटर चक ग्रासले ने पुतिन को स्पष्ट संदेश देने की मांग की है, जबकि सीनेटर लिंडसे ग्राहम और डेमोक्रेट रिचर्ड ब्लूमेंथल ने उन देशों पर भी प्रतिबंध लगाने की बात कही है, जो अब भी रूसी तेल और गैस खरीद रहे हैं।

युद्ध का नया मोर्चा: कुर्स्क

पुतिन हाल ही में कुर्स्क के दौरे पर गए थे, जो एक संवेदनशील इलाका माना जाता है। यहां पिछले वर्ष यूक्रेन की सेना ने कब्जा कर लिया था। पुतिन ने इस क्षेत्र को "फिर से रूस का हिस्सा" घोषित किया और वहां पुनर्निर्माण के आदेश दिए। हालांकि यूक्रेनी सेना का दावा है कि वह अब भी उस इलाके में मौजूद है और संघर्ष जारी है।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 28 May 2025, 5:24 PM IST