हिंदी
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 15 फरवरी को होने वाले भारत-पाकिस्तान मुकाबले से पहले पाकिस्तानी ओपनर साहिबजादा फरहान ने टीम इंडिया को खुली चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि यह मैच एकतरफा नहीं होगा और पाकिस्तान कड़ी टक्कर देगा। हाल के आंकड़ों में भारत का पलड़ा भारी रहा है, लेकिन फरहान का मानना है कि उनकी टीम दबाव में नहीं आएगी और मुकाबले को एक सामान्य मैच की तरह खेलेगी।
टीम इंडिया को खुली चुनौती ()Image Source: Google
New Delhi: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 15 फरवरी को होने वाले हाई वोल्टेज भारत-पाकिस्तान मुकाबले से पहले बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है। पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने भारतीय टीम को खुली चुनौती देते हुए कहा है कि इस बार मुकाबला एकतरफा नहीं रहेगा।
फरहान ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनकी टीम भारत के खिलाफ शानदार खेल दिखाने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, "हम इस मैच को लेकर पूरी तरह आत्मविश्वास से भरे हैं। यह मुकाबला एकतरफा नहीं होगा। हमारी टीम पूरी मजबूती से उतरेगी और जोरदार टक्कर देगी।”
अगर हालिया रिकॉर्ड पर नजर डालें तो भारत का पलड़ा साफ तौर पर भारी रहा है। सभी प्रारूपों में पिछले 10 मुकाबलों में भारत ने पाकिस्तान को आठ बार हराया है। एशिया कप में भी भारत ने पाकिस्तान को तीन बार पटखनी देते हुए खिताब अपने नाम किया था।
पाकिस्तान को 2022 में एक मुकाबले में जीत मिली थी, जबकि एक मैच बेनतीजा रहा। पिछले साल एशिया कप के दौरान सूर्यकुमार यादव ने यहां तक यह कह दिया था कि पाकिस्तान के खिलाफ अब प्रतिद्वंद्विता जैसी बात नहीं रह गई है, जिसका समर्थन सभी भारतीय खिलाड़ियों ने भी किया था।
हालांकि, फरहान इन आंकड़ों से इत्तेफाक नहीं रखते। उनका कहना है कि हर टूर्नामेंट और हर मैच अलग होता है। उन्होंने कहा कि टी20 जैसे प्रारूप में एक अच्छा दिन मैच का रुख बदल सकता है और पाकिस्तान इस मौके को भुनाने के लिए तैयार है।
साहिबजादा फरहान का भारत के खिलाफ व्यक्तिगत प्रदर्शन भी उल्लेखनीय रहा है। उन्होंने तीन मुकाबलों में 51.67 की औसत से 155 रन बनाए हैं, जिसमें दो अर्धशतक शामिल हैं। इस दौरान उन्होंने जसप्रीत बुमराह सहित भारतीय गेंदबाजों का डटकर सामना किया है।
फरहान ने कहा, "जब आप रन बनाते हैं तो आत्मविश्वास अपने आप बढ़ जाता है। मेरी पिछली दो पारियां अच्छी रहीं और मैं पूरी तरह विश्वास से भरा हूं। भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर जो माहौल बनता है, हम उसे अपने दिमाग पर हावी नहीं होने देंगे। यह हमारे लिए एक आम मैच है और हम इसे उसी तरह खेलेंगे।"
T20 World Cup 2026: PAK vs USA, क्या अमेरिका फिर रचेगा पाकिस्तान के खिलाफ इतिहास?
भारत-पाकिस्तान मुकाबला हमेशा से क्रिकेट जगत का सबसे रोमांचक और दबावभरा मैच माना जाता है। दोनों देशों के बीच राजनीतिक और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि इस टक्कर को और खास बना देती है। ऐसे में 15 फरवरी को होने वाला यह मुकाबला एक बार फिर करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों की नजरों का केंद्र रहेगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि फरहान की चुनौती मैदान पर किस हद तक असर दिखाती है।