हिंदी
जमीन के टुकड़े के लिए रजासन गांव में लाल हुआ खून (Img- Pinterest)
Vaishali: बिहार के वैशाली जिले से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने इंसानियत और पारिवारिक रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। बिदुपुर थाना क्षेत्र के रजासन गांव में रविवार को महज एक जमीन के टुकड़े के विवाद में अपनों ने ही अपनों का खून बहा दिया।
आरोप है कि पट्टीदारों (रिश्तेदारों) ने घर में घुसकर पिता और पुत्र पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गोलीबारी की इस भीषण घटना में दोनों की मौके पर ही तड़प-तड़प कर दर्दनाक मौत हो गई। इस दोहरे हत्याकांड के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और ग्रामीणों के बीच भारी दहशत का माहौल है।
इस दिल दहला देने वाले हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 60 वर्षीय मुनरिक राय और उनके 35 वर्षीय पुत्र जितेंद्र कुमार राय के रूप में हुई है। मृतक जितेंद्र कुमार भारतीय सेना (Indian Army) में एक जांबाज जवान थे। वह देश की सीमाओं की रक्षा करने के बाद कुछ दिनों की छुट्टी लेकर अपने परिवार के साथ वक्त बिताने घर आए थे।
किसे पता था कि जिस फौजी बेटे को दुश्मन की गोलियां भी नहीं छू सकीं, उसे उसके अपने ही घर में अपनों की नफरत का शिकार होना पड़ेगा। जितेंद्र अपने पीछे दो छोटे-छोटे मासूम बच्चों को छोड़ गए हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, बुजुर्ग मुनरिक राय समाज में काफी सम्मानित थे और पिछला पंचायत चुनाव मुखिया पद के प्रत्याशी के रूप में लड़ चुके थे।
ये भी पढ़ें: हवा में अटका हेलीकॉप्टर, नीचे कांपते रहे लोग; बिहार के सीएम सम्राट चौधरी के चॉपर को आखिर क्या हुआ?
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, मुनरिक राय के परिवार का उनके भतीजे और पट्टीदारों के साथ जमीन को लेकर काफी लंबे समय से पुराना विवाद चल रहा था। रविवार को इसी रंजिश ने उग्र रूप ले लिया। पीड़ित पिता-पुत्र जब अपने घर पर मौजूद थे, तभी अचानक आरोपी अपने साथियों के साथ हथियार लहराते हुए घर के भीतर दाखिल हो गया।
इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, आरोपियों ने मुनरिक राय और फौजी जितेंद्र राय पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा गांव गूंज उठा। गंभीर रूप से घायल पिता-पुत्र ने आंगन में ही दम तोड़ दिया और आरोपी वारदात को अंजाम देकर हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
ये भी पढ़ें: बिहार का अजीबोगरीब मामला: शादी में मटन की जगह चिकन मिलने पर चले लाठी-डंडे, अस्पताल पहुंचे मेहमान
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय बिदुपुर थाना पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सदर एसडीपीओ-1 सुबोध कुमार और नगर थाना अध्यक्ष सिकंदर कुमार भी तुरंत अस्पताल और मौके पर पहुंचे। दोहरे हत्याकांड के बाद रजासन गांव में तनाव की स्थिति चरम पर पहुंच गई है, जिसके चलते एहतियातन गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
मौके पर फोरेंसिक (FSL) टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की शिनाख्त कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
Location : Vaishali
Published : 12 July 2026, 10:46 AM IST
Topics : Bihar crime Bihar News bihar police Tragic Incident