हिंदी
सड़क किनारे खड़ी गाय को कार ने मारी टक्कर (IMG: Dynamite News)
Budaun: बदायूं में सड़क हादसे के बाद शुरू हुआ विवाद अब पुलिस जांच तक पहुंच गया है। अलापुर थाना क्षेत्र में कार की टक्कर से एक गाय की मौत के बाद मौके पर जुटी भीड़ ने चालक पर शराब के नशे में गाड़ी चलाने का आरोप लगाया और उसके साथ मारपीट कर दी। मामला बिगड़ता देख पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को भीड़ से बचाकर अपने कब्जे में लिया। इसके बाद उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। मेडिकल रिपोर्ट में चालक के शरीर में शराब नहीं मिलने की बात सामने आने के बाद घटनाक्रम ने नया मोड़ ले लिया है।
पूरा मामला अलापुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक कार किसी रास्ते से गुजर रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे मौजूद गाय को कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि गाय की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। गाय की मौत से लोगों में आक्रोश फैल गया।
आरोप है कि गाय की मौत के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने चालक को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। चालक के नशे में होने की बात कहकर लोगों ने विरोध जताया। घटना की जानकारी पुलिस को मिली तो टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने किसी तरह चालक को भीड़ से बाहर निकाला और उसे अपने कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया।
मेडिकल परीक्षण के बाद मामले में नया मोड़ आया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक मेडिकल जांच में चालक के शरीर में अल्कोहल नहीं पाया गया। यानी मेडिकल रिपोर्ट में शराब के नशे में होने की पुष्टि नहीं हुई। इसके बाद चालक के खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों को लेकर सवाल खड़े होने लगे। हालांकि दूसरी तरफ मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि कार के अंदर शराब की बोतलें और कुछ अन्य सामान मिला है।
मेडिकल परीक्षण के बाद चालक ने भी पलटवार किया। उसने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि हादसे के बाद कुछ लोगों ने उसकी गाड़ी को पलटने की कोशिश की। इसके साथ ही उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की कोशिश भी की गई। चालक की शिकायत के आधार पर अलापुर पुलिस ने मारपीट, हत्या के प्रयास समेत अन्य संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इलाज या जिंदगी से खिलवाड़? बदायूं में 1 महीने के अंदर एक निजी नर्सिंग होम में तीन मौत से मचा कोहराम
पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की तैयारी में है। इसके अलावा मौके पर मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि गाय को टक्कर लगने के बाद भीड़ कैसे जुटी और उसके बाद चालक के साथ किस तरह की मारपीट हुई।
इस मामले में गाय की मौत को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि हादसे में मरी गाय का अभी तक पोस्टमार्टम नहीं कराया गया है। स्थानीय लोगों और पशु अधिकारों से जुड़े लोगों का कहना है कि पोस्टमार्टम होने से मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकती थी।
Location : Budaun
Published : 12 August 2026, 3:57 PM IST