जयमाल के बाद चीख-पुकार, सीने पर गहरा घाव… दूल्हा-दुल्हन हिरासत में, शादी के मंडप में किसने रची मौत की साजिश?

वाराणसी के राजातालाब क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान जयमाल के बाद लड़की पक्ष और स्थानीय लोगों में विवाद हो गया। बीच-बचाव करने आए दूल्हे के पड़ोसी बहादुर राम की सीने पर नुकीली चीज से वार कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने दूल्हा-दुल्हन को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 18 June 2026, 10:34 AM IST
google-preferred

Varanasi: वाराणसी कमिश्नरेट के राजातालाब थाना क्षेत्र स्थित मरूई गांव में जग्गू राम के बेटे हिमांशू राम की शादी मिर्जापुर की रहने वाली रेखा देवी से हो रही थी। दूल्हे के घर पर ही शादी का भव्य आयोजन चल रहा था। चारों तरफ उल्लास का माहौल था, लेकिन जयमाल की रस्म के दौरान ही लड़की पक्ष के कुछ युवकों का मामूली बात को लेकर स्थानीय लोगों से विवाद हो गया। देखते ही देखते यह कहासुनी हिंसक झड़प और मारपीट में तब्दील हो गई।

बीच-बचाव करने गए पड़ोसी पर जानलेवा हमला

मारपीट और शोर-शराबा सुनकर घर के बाहर सो रहे दूल्हे के 52 वर्षीय पड़ोसी बहादुर राम की नींद खुल गई। वे झगड़ा शांत कराने और बीच-बचाव करने के लिए आगे बढ़े। लेकिन उपद्रवियों ने उन पर ही हमला बोल दिया। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने बहादुर राम को घर के पास लहूलुहान हालत में जमीन पर गिरा हुआ पाया। उनके सीने पर किसी नुकीली और धारदार चीज से वार किए जाने का गहरा निशान था।

अस्पताल में तोड़ा दम, परिवार में मचा कोहराम

घटना की सूचना तुरंत जक्खिनी पुलिस चौकी और राजातालाब थाना प्रभारी को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल बहादुर राम को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जक्खिनी भिजवाया, जहाँ से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें कबीर चौरा अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि, कबीर चौरा के डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बहादुर राम की मौत की खबर मिलते ही शादी वाले घर और मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे तीन बेटियां, एक बेटा और पत्नी नौरंगी देवी को छोड़ गए हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।

उत्तर प्रदेश के 465 स्ववित्तपोषित स्कूलों में लगेंगे ताले, जानें बोर्ड ने क्यों खत्म की मान्यता

पुलिस की कार्रवाई: दूल्हा-दुल्हन हिरासत में

थानाध्यक्ष दयाशंकर ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। गांव में कुछ लोग गोली चलने की अफवाह भी उड़ा रहे हैं, जबकि मृतक के सीने पर किसी नुकीली वस्तु से प्रहार के निशान हैं। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दूल्हा और दुल्हन दोनों को हिरासत में ले लिया है ताकि लड़की पक्ष के फरार आरोपियों और विवाद की मुख्य वजह का पता लगाया जा सके।

आखिरी कॉल पर ऐसा क्या हुआ? पत्नी के बाद सेना के सूबेदार ने भी क्यों चुना मौत का रास्ता?

फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी

घटना के बाद से ही मारपीट में शामिल लड़की पक्ष के मुख्य आरोपी मौके से फरार हैं। पुलिस ने उनकी धरपकड़ के लिए मिर्जापुर और वाराणसी के संभावित ठिकानों पर तीन अलग-अलग टीमें रवाना कर दी हैं। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस शादी के दौरान बनाए जा रहे वीडियो और तस्वीरों को भी खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

Location :  Varanasi

Published :  18 June 2026, 10:34 AM IST

Advertisement