
जानकारी देते पुलिस अधीक्षक (Img: dynamite News)
Maharajganj: जनपद में तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक के शक में हुई एक सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपने बेटे की सड़क हादसे में हुई मौत का जिम्मेदार एक ओझा को मानते हुए उसकी योजनाबद्ध तरीके से हत्या कर शव को दूसरे जिले में फेंक दिया था। इस हत्याकांड के खुलासे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली क्षेत्र के पिपरा रसूलपुर निवासी रमाकांत चौहान झाड़-फूंक, ओझाई और पूजा-पाठ का काम करते थे। गोरखपुर जनपद के सहजनवां निवासी राघवेन्द्र सिंह उर्फ जेलर का उनके घर आना-जाना था। आरोपी के घर में पारिवारिक परेशानियां चल रही थीं, जिसके कारण वह रमाकांत से पूजा-पाठ और तंत्र-मंत्र करवाता था।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जनवरी 2025 में रमाकांत ने उससे दो लाख रुपये उधार मांगे थे। पैसा न मिलने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके कुछ समय बाद शिवरात्रि के दिन आरोपी के बेटे ऋषभ सिंह की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। बेटे की मौत के बाद आरोपी मानसिक रूप से टूट गया और उसे शक हो गया कि रमाकांत ने तंत्र-मंत्र के जरिए उसके बेटे की जान ली है। इसी शक ने उसके भीतर बदले की आग भड़का दी।
UP Crime: महराजगंज में ज्वेलर लूटकांड का खुलासा, रेकी कर दिया था वारदात को अंजाम
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने उसी समय रमाकांत की हत्या करने का मन बना लिया था। एक जून 2025 को वह रमाकांत को पूजा-पाठ कराने के बहाने अपनी स्वीफ्ट डिजायर कार से सहजनवां ले गया। रास्ते में उसने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे रमाकांत अचेत अवस्था में पहुंच गए।
रात करीब नौ बजे आरोपी रमाकांत को सहजनवां के पास बरईपार पाली गांव के बाहर सुनसान इलाके में ले गया। जैसे ही रमाकांत कार से नीचे उतरे, आरोपी ने कार की पिछली सीट के नीचे रखी लोहे की पाइप निकालकर उनके सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से रमाकांत जमीन पर गिर पड़े और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी शव को कार में रखकर बस्ती जिले की तरफ निकल गया। वहां नगर थाना क्षेत्र के एक सुनसान लिंक रोड पर शव फेंककर फरार हो गया। अगले दिन जब रमाकांत घर नहीं लौटे तो परिजन उनकी तलाश में आरोपी के घर पहुंचे, लेकिन वह लगातार गुमराह करता रहा। बाद में मृतक की पत्नी बिजुला देवी ने थाना कोतवाली महराजगंज में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में कोतवाली पुलिस ने जांच तेज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोहे की पाइप भी बरामद कर ली है।
Location : Maharajganj
Published : 20 May 2026, 3:29 PM IST