हिंदी
ट्विशा शर्मा मर्डर केस (Img: Google)
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा की गौड़ सिटी में रहने वाली ट्विशा शर्मा की मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। अब इस मामले में सामने आए चैट्स और वीडियो ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिवार का दावा है कि मौत से महज 15 मिनट पहले तक ट्विशा अपने घरवालों के संपर्क में थी और लगातार मायके लौटने की बात कर रही थी।
ट्विशा की मां के साथ हुई चैट में उसने अपने पति समर्थ सिंह और ससुराल वालों के व्यवहार को लेकर ऐसी बातें लिखीं, जिन्हें पढ़कर हर कोई हैरान है। परिवार का आरोप है कि ट्विशा मानसिक प्रताड़ना झेल रही थी और उसी दबाव ने उसकी जिंदगी छीन ली।
ट्विशा ने अपनी मां को भेजे संदेशों में लिखा कि वह ससुराल के माहौल से पूरी तरह टूट चुकी है। एक चैट में उसने लिखा, “मम्मी, मैं यहां पागल हो जाऊंगी। मुझसे अब सहन नहीं हो रहा है।” परिवार के अनुसार, ट्विशा लगातार घर वापस आने की बात कर रही थी। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसका पति समर्थ चाहता था कि उसके पिता “नाक रगड़कर माफी मांगें।” बेटी का घर बचाने के लिए मायका पक्ष इस अपमानजनक मांग को मानने तक के लिए तैयार हो गया था।
चैट में ट्विशा की मां ने लिखा था कि “पापा सॉरी बोल देंगे”, लेकिन इसके बावजूद हालात नहीं बदले।
मामले के बीच एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ट्विशा की मां रेखा शर्मा अपने दामाद समर्थ सिंह पर गंभीर आरोप लगाती दिखाई दे रही हैं। वीडियो में उन्होंने दावा किया कि समर्थ कोर्ट में प्रैक्टिस करता था, लेकिन ड्रग्स लेने की बात सामने आने के बाद उसे दो साल के लिए बैन कर दिया गया था। परिवार का कहना है कि ट्विशा को मानसिक रूप से परेशान किया जाता था।
वहीं, ट्विशा ने अपनी चैट्स में लिखा कि ससुराल वाले उस पर ही ड्रग्स लेने का शक करते थे। उसने लिखा, “इन लोगों को लगता है कि मैं ड्रग्स करती हूं, इसलिए मेरा मूड खराब रहता है। उनका बेटा मुझे छोड़कर बैठा है, मेरा मूड इस वजह से भी खराब हो सकता है।”
ट्विशा ने अपने संदेशों में ससुराल पक्ष को “निर्दयी” बताते हुए लिखा कि वहां किसी को दूसरे के दर्द की परवाह नहीं है। उसने खुद को घुटन और मानसिक तनाव में बताया था। इन चैट्स के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर भी मामले को लेकर बहस तेज हो गई है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि अगर ट्विशा लगातार मदद मांग रही थी तो उसकी हालत इतनी खराब कैसे हो गई।
मामले में ट्विशा की सास और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि ट्विशा ने मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेग्नेंसी (MTP) का कोर्स शुरू किया था। बाद में उसने इसे रोकने की बात कही, लेकिन मेडिकल प्रक्रिया के कारण ऐसा संभव नहीं था।
उन्होंने दावा किया कि परिवार ने ट्विशा का पूरा साथ दिया और उसकी मां को भी बुलाया गया था। साथ ही यह भी कहा कि पिछले पांच महीनों में ट्विशा के माता-पिता उससे मिलने नहीं आए थे। फिलहाल पूरे मामले को लेकर जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई कर रही है।
Location : Greater Noida
Published : 19 May 2026, 10:47 AM IST