गाजियाबाद फायरिंग केस: जमाई राजा नहीं बना तो घर में घुसकर 2 बहनों पर की फायरिंग, जानें पूरा मामला

गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में शादी टूटने की रंजिश में एक युवक ने घर में घुसकर दो सगी बहनों पर फायरिंग कर दी। दोनों बहनें गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 17 June 2026, 10:46 AM IST
google-preferred

Ghaziabad Desk: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के खोड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने घर में घुसकर दो सगी बहनों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका दहल उठा। दोनों बहनें गंभीर रूप से घायल हो गई, जिन्हें आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

डेढ़ साल पहले तय हुआ था रिश्ता

आदर्श नगर वाल्मीकि चौक निवासी 20 वर्षीय खुशी और उसकी 18 वर्षीय बहन निधि घर पर मौजूद थी। आरोप है कि पुराना बस अड्डा बारादरी निवासी जॉनी मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे उनके घर पहुंचा। करीब डेढ़ वर्ष पहले खुशी का रिश्ता जॉनी से तय हुआ था, लेकिन युवक की गलत गतिविधियों से नाराज होकर परिवार ने लगभग चार महीने पहले यह रिश्ता तोड़ दिया था। इसी बात को लेकर आरोपी परिवार से रंजिश रखता था।

गाजियाबाद में शादी टूटने पर दो बहनों को मारी गोली, वीडियो बनाकर बोला- गुस्से में वारदात कर दी

आधे घंटे तक करता रहा रेकी, फिर बरसाई गोलियां

आरोपी करीब आधे घंटे तक गली में घूमता रहा और घर की गतिविधियों पर नजर रखता रहा। इसके बाद वह घर की ऊपरी मंजिल तक पहुंच गया। जॉनी के हाथ में हथियार देखकर दोनों बहनों ने कमरे का दरवाजा बंद कर खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने खिड़की का शीशा तोड़ दिया और रास्ते में रखा फ्रिज हटाकर अंदर घुसने का प्रयास किया।

इसके बाद उसने दोनों बहनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। खुशी को चार गोलियां लगी, जिनमें तीन पैर में और एक पेट में लगी बताई जा रही है। वहीं निधि के मुंह पर गोली लगने से वह भी गंभीर रूप से घायल हो गई।

अस्पताल में जिंदगी की जंग

सूचना मिलते ही खोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बहनों को दिल्ली के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर हालत को देखते हुए एक बहन को दूसरे अस्पताल रेफर किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। डॉक्टर दोनों का इलाज कर रहे हैं और उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।

गर्लफ्रेंड से मिलने गाजियाबाद आया था अमरोहा का अमन, अब वापस जाएगी लाश, पढ़ें दिलदहलाने वाला मामला

फरार आरोपी की तलाश में पुलिस

घटना के बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक कई टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

वीडियो जारी कर लगाया पैसों का आरोप

वारदात के बाद आरोपी जॉनी ने एक वीडियो जारी किया। जिसमें उसने दावा किया कि उसकी शादी खुशी से तय हुई थी और इस दौरान उसने युवती के पिता को पैसे दिए थे। आरोपी ने आरोप लगाया कि जब उसने पैसे वापस मांगे तो मार्च 2026 में रिश्ता तोड़ दिया गया। उसने इसी विवाद से आहत होकर दोनों बहनों को गोली मारने की बात कही।

हालांकि, आरोपी के इन दावों की पुलिस ने पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि वीडियो की भी जांच की जा रही है और सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Ghaziabad

Published :  17 June 2026, 10:45 AM IST

Advertisement