हिंदी
दो बहनों पर फायरिंग
Ghaziabad : खोड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। शादी का रिश्ता टूटने से नाराज एक युवक कथित तौर पर तमंचा लेकर युवती के घर पहुंच गया और घर में घुसकर दो सगी बहनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज सुनते ही मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। जब तक लोग मौके पर पहुंचते, आरोपी वहां से फरार हो चुका था। खून से लथपथ दोनों बहनों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक पुराना बस अड्डा बारादरी निवासी जॉनी रैपिडो चालक है। करीब डेढ़ साल पहले उसका रिश्ता खोड़ा कॉलोनी की रहने वाली 20 साल खुशी से तय हुआ था। हालांकि परिजनों ने युवक के व्यवहार और चाल-चलन को देखते हुए करीब चार महीने पहले यह रिश्ता तोड़ दिया था। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच कोई संपर्क नहीं रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंगलवार शाम करीब चार बजे आरोपी तमंचा लेकर युवती के घर की ऊपरी मंजिल तक पहुंच गया। उसे देखकर खुशी और उसकी छोटी बहन निधि कमरे में बंद हो गईं। आरोप है कि जॉनी ने पहले खिड़की का शीशा तोड़ा, फिर रास्ते में रखा फ्रिज हटाकर कमरे में घुसने की कोशिश की और इसके बाद दोनों बहनों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी।
सपना चौधरी पहुंची गाजियाबाद में पेप्सी शर्मा के घर, पत्नी रेनू को गले लगाकर खूब रोईं
फायरिंग में खुशी को चार गोलियां लगीं, जिनमें तीन पैर में और एक पेट में लगी। वहीं 18 साल निधि के चेहरे पर गोली लगी। दोनों बहनें गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बहनों को दिल्ली के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद खुशी की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
वारदात के बाद आरोपी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। वीडियो में उसने दावा किया कि रिश्ता टूटने और पैसों को लेकर हुए विवाद के कारण वह नाराज था। उसने यह भी कहा कि गुस्से में आकर उसने यह कदम उठाया और वह खुद थाने में सरेंडर करने जा रहा है। हालांकि वीडियो में लगाए गए आरोपों की पुलिस ने पुष्टि नहीं की है और उनकी जांच की जा रही है।
एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी जॉनी को गिरफ्तार कर लिया गया है। शुरुआती पूछताछ में उसने शादी का रिश्ता टूटने से नाराज होकर वारदात को अंजाम देने की बात कही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में लोगों में भारी आक्रोश है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है।
Location : Ghaziabad
Published : 17 June 2026, 3:09 AM IST