हिंदी
मुजफ्फरनगर में नाबालिग को डंडों से पीटा (img: dYNAMITE nEWS)
Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक नाबालिग किशोर की बेरहमी से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है। वीडियो में कुछ युवक किशोर को डंडों से पीटते नजर आ रहे हैं। इस दौरान पीड़ित हाथ जोड़कर रहम की गुहार लगाता दिखाई देता है, लेकिन आरोपी उस पर लगातार वार करते रहते हैं। आरोप है कि युवती को इंस्टाग्राम पर मैसेज करने को लेकर हुए विवाद के बाद युवती के भाई ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया।
मामला मुजफ्फरनगर के कोतवाली नगर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, पीड़ित नाबालिग किशोर ने एक युवती को इंस्टाग्राम पर मैसेज किया था। आरोप है कि जब इसकी जानकारी युवती के परिजनों को हुई, तो उसके भाई ने अपने साथियों के साथ मिलकर किशोर को सबक सिखाने की योजना बनाई। बताया जा रहा है कि 20 अक्टूबर को आरोपियों ने किशोर को उसके घर से बुलाया। इसके बाद उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर एक बंद पड़े ईंट भट्ठे पर ले जाया गया। आरोप है कि वहां कुनाल, कार्तिक और कन्हैया ने मिलकर किशोर की डंडों से बेरहमी से पिटाई की।
घर में छिपाकर रखे थे 500 किलो पटाखे! मुजफ्फरनगर में लाखों के पटाखों के साथ कारोबारी गिरफ्तार
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कथित तौर पर एक युवक किशोर पर डंडे बरसाता दिखाई दे रहा है। वहीं, दूसरे वीडियो में पीड़ित हाथ जोड़कर रहम की गुहार लगाता नजर आता है। दावा किया जा रहा है कि आरोपियों ने पिटाई के दौरान पूरी घटना अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड की और बाद में वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो के साथ ‘बदमाश है जी’ जैसी टिप्पणी भी लिखे जाने की बात सामने आई है।
मामले की शिकायत मिलने के बाद कोतवाली नगर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने कुनाल, कार्तिक और कन्हैया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस मामले में एएसपी सिद्धार्थ के मिश्रा ने बताया कि कोतवाली नगर थाना क्षेत्र से संबंधित एक वीडियो सामने आया है, जिसमें तीन युवक एक नाबालिग बच्चे की पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए शिकायत प्राप्त की है और संबंधित धाराओं में मुकदमा पहले ही दर्ज किया जा चुका है। मामले की जांच जारी है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Muzaffarnagar
Published : 22 October 2026, 3:12 PM IST