हिंदी
जेल में आजम खान से मिलकर बाहर निकले अखिलेश यादव (Img: Dynamite News)
Rampur: समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव गुरुवार को रामपुर जेल में आजम खान से मिलने पहुंचे। जेल के अंदर दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक बातचीत हुई। मुलाकात के बाद बाहर आए अखिलेश यादव ने साफ कहा कि आजम खान से मिलना कोई राजनीतिक मामला नहीं, बल्कि भावनाओं से जुड़ा विषय है।
उन्होंने कहा कि आजम खान उनके दिल से जुड़े हुए हैं और दोनों का रिश्ता काफी पुराना है। अखिलेश यादव ने कहा कि आजम खान पर फर्जी केस चलाया जा रहा है, हम सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ रहे हैं।
आजम खान से मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने कहा कि उनका रिश्ता आजम खान के साथ लंबे समय से है। वह पहली बार रामपुर आकर उनसे नहीं मिले हैं। उनके मुताबिक, यह मुलाकात राजनीति से ज्यादा भावनाओं से जुड़ी है।
ये भी पढ़ें- रामपुर पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश यादव, आजम खान से की मुलाकात
अखिलेश यादव ने कुछ अधिकारियों पर फर्जी मुकदमों में भूमिका निभाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि कुछ अधिकारी ऐसे मामलों में हथियार बन जाते हैं, लेकिन अब धीरे-धीरे अधिकारी भी साथ छोड़ रहे हैं।
अखिलेश यादव और आजम खान की एक साल के भीतर यह तीसरी मुलाकात है। इससे पहले 9 अक्टूबर 2025 को अखिलेश यादव रामपुर पहुंचे थे और आजम खान से मुलाकात की थी। इसके बाद 7 नवंबर 2025 को आजम खान उनसे मिलने लखनऊ गए थे।
करीब दो महीने पहले सपा नेता शिवपाल यादव ने भी रामपुर जेल में आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम से मुलाकात की थी। इसके बाद वह आजम खान के घर पहुंचे और उनकी पत्नी तंजीन फातिमा से भी मिले थे। इस बार जेल में मुलाकात के बाद अखिलेश यादव के आजम खान के घर जाने का भी कार्यक्रम बताया गया।
ये भी पढ़ें- Siddharthnagar: बढ़नी में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान अचानक हंगामा, सुनील अग्रहरि से मारपीट की चर्चा
आजम खान अपने बेटे अब्दुल्ला आजम के साथ पैन कार्ड मामले में रामपुर जेल में बंद हैं। इस मामले में एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट ने दोनों को सात-सात साल की सजा सुनाई थी। आजम खान ने फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील की है।
Location : Rampur
Published : 22 October 2026, 3:38 PM IST