हिंदी
प्रतिकात्मक फोटो
Gorakhpur: गोरखपुर के शाहपुर क्षेत्र में एक 22 वर्षीय युवती ने एक युवक और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि उसे शादी का झांसा देकर पहले प्रेमजाल में फंसाया गया, फिर मंदिर में मांग में सिंदूर भरकर विवाह का विश्वास दिलाया गया। इसके बाद आरोपी युवक ने कई बार शारीरिक संबंध बनाए। जब युवती ने उसे पत्नी के रूप में स्वीकार करने और साथ रखने की बात कही तो आरोपी टालमटोल करने लगा। इतना ही नहीं, कथित तौर पर दहेज में 10 लाख रुपये की मांग की गई और विरोध करने पर अश्लील वीडियो वायरल करने तथा जान से मारने की धमकी दी गई।
पुलिस के अनुसार, गुलरिहा क्षेत्र के एक गांव निवासी विक्रम चौहान का पीड़िता के पड़ोस में रिश्तेदारी के कारण आना-जाना था। इसी दौरान दोनों के बीच पहचान हुई और बातचीत शुरू हुई। युवती का आरोप है कि विक्रम ने उससे शादी करने का वादा किया और धीरे-धीरे उसका विश्वास जीत लिया। इसी भरोसे के आधार पर दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं।
पीड़िता के मुताबिक, 15 सितंबर 2024 को विक्रम उसे बुढ़िया माता मंदिर ले गया। वहां उसने उसकी मांग में सिंदूर भर दिया और दावा किया कि अब दोनों की शादी हो चुकी है। युवती का कहना है कि इसी विश्वास के आधार पर आरोपी ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। उसे भरोसा था कि जल्द ही वह उसे अपने परिवार और समाज के सामने पत्नी के रूप में स्वीकार करेगा।
गोरखपुर का वो ‘बदनाम’ इलाका, जिसे एक ऐतिहासिक फैसले ने रातों-रात बना दिया शहर की सबसे खूबसूरत जगह!
युवती ने आरोप लगाया कि जब भी वह विक्रम से अपने घर या ससुराल ले जाने की बात कहती थी, वह कोई न कोई बहाना बनाकर बात टाल देता था। इस दौरान आरोपी लगातार उसके संपर्क में रहा और कथित तौर पर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। युवती का यह भी आरोप है कि इसी दौरान उसके कुछ आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिए गए।
पीड़िता का कहना है कि जब उसने शादी और साथ रखने को लेकर दबाव बनाया तो आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी देनी शुरू कर दी। आरोप है कि वीडियो सार्वजनिक करने के डर का फायदा उठाकर युवक लगातार उसका शोषण करता रहा। युवती का कहना है कि वह मानसिक दबाव और भय के माहौल में जी रही थी।
युवती ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि बाद में दोनों ने कोर्ट मैरिज भी की, लेकिन इसके बावजूद आरोपी उसे अपने घर नहीं ले गया। इसी बीच वह गर्भवती हो गई। पीड़िता का आरोप है कि युवक ने उस पर दबाव बनाया और दवा खिलाई, जिससे उसका गर्भपात हो गया। यह आरोप भी पुलिस जांच का हिस्सा बनाया गया है।
Dowry in Gorakhpur: गोरखपुर में दहेज की मांग! विवाहिता को मारपीट कर निकाला घर से बाहर
युवती का कहना है कि जब उसने आरोपी और उसके परिवार के सामने साथ रखने की मांग की, तब मामला और बिगड़ गया। उसके अनुसार, युवक के माता-पिता और भाई ने दूसरी जाति का होने का हवाला देते हुए 10 लाख रुपये दहेज की मांग रख दी। आरोप है कि जब उसने आर्थिक असमर्थता जताई तो उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया।
पीड़िता का आरोप है कि स्थानीय स्तर पर सुनवाई न होने के कारण उसे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत करनी पड़ी। इसके बाद मामले को गंभीरता से लिया गया और शाहपुर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने विक्रम चौहान, उसकी मां धनेशरा देवी, पिता अनिरुद्ध चौहान और भाई राजन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Location : Gorakhpur
Published : 1 June 2026, 6:31 PM IST