हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (सोर्स- Pinterest)
Prayagraj News: संगम नगरी प्रयागराज से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवती ने तीन युवकों पर अपहरण कर करीब 20 दिनों तक बंधक बनाने और दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मामले की जानकारी के अनुसार, पीड़िता का मुख्य आरोपी युवक से पहले से परिचय था। आरोपी ने उससे शादी करने का वादा किया था। इसी वादे के झांसे में लेकर आरोपी ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया।
पीड़िता द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, घटना 13 जुलाई की शाम करीब पांच बजे की है। मुख्य आरोपी अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा और जबरन युवती को एक चारपहिया वाहन में खींचकर बैठा लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसका मुंह दबा दिया और उसे अगवा कर अपने साथ ले गए।
अपहरणकर्ता युवती को पहले प्रयागराज और फिर वहां से सीधे महाराष्ट्र के नासिक शहर ले गए। नासिक में उसे लगभग 20 दिनों तक एक अज्ञात स्थान पर बंधक बनाकर रखा गया।
इस दौरान मुख्य आरोपी ने शादी का झांसा देकर लगातार उसके साथ दुष्कर्म किया। बीच में जब पीड़िता किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागने में सफल रही, तो रास्ते में घात लगाए बैठे आरोपियों ने उसे दोबारा पकड़ लिया। दोबारा पकड़े जाने के बाद आरोपियों ने उसके साथ जमकर मारपीट की, गाली-गलौज की और किसी को कुछ भी बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
आरोपियों ने क्रूरता की हदें पार करते हुए पीड़िता के मोबाइल फोन से उसके सभी निजी फोटो और वीडियो डिलीट कर दिए ताकि सबूत मिटाए जा सकें। इसके अलावा, आरोपी उसके पहने हुए सोने के जेवर भी अपने साथ उठा ले गए।
तमाम प्रताड़नाओं को झेलने के बाद पीड़िता बुधवार की शाम हिम्मत जुटाकर सीधे मऊआइमा थाने पहुंची। वहां महिला पुलिसकर्मियों ने पूरी संवेदनशीलता के साथ उसके बयान दर्ज किए और नियमानुसार पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
पुलिस ने पीड़िता के बयानों के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सुरक्षा और जांच की दृष्टि से पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए मऊआइमा थाने के प्रभारी निरीक्षक जगदीश कुशवाहा ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है और फरार चल रहे आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Location : Prayagraj
Published : 8 October 2026, 9:22 AM IST