हिंदी
प्रयागराज में दर्दनाक सड़क हादसा (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज)
Prayagraj: जिले के हंडिया थाना क्षेत्र अंतर्गत भेसकी पेट्रोल पंप के पास बुधवार को बस और स्कॉर्पियो के बीच भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में बस सवार एक अधेड़ व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
ओवरटेक करने के दौरान हुई जोरदार भिड़ंत
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कॉर्पियो और बस दोनों वाराणसी से प्रयागराज की तरफ जा रही थीं। जैसे ही दोनों वाहन भेसकी पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, इसी दौरान बस चालक स्कॉर्पियो को ओवरटेक करने लगा। बताया जा रहा है कि ओवरटेक करने के दौरान बस अनियंत्रित हो गई और स्कॉर्पियो से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो दूसरी तरफ की सड़क पर पलटते हुए सड़क के दूसरी ओर जा पहुंची।
हादसे में स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्कॉर्पियो का रजिस्ट्रेशन नंबर UP70 FR 3659 है, जबकि बस का नंबर UP70 ET 7490 बताया गया है। दुर्घटना में बस सवार एक अधेड़ व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, एक अन्य व्यक्ति का पैर बुरी तरह टूट गया, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही हंडिया पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। एसीपी हंडिया शेषधर पांडेय और इंस्पेक्टर हंडिया ओमप्रकाश पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इसके साथ ही पीआरवी 112 की टीम भी मौके पर पहुंच गई। हादसे की गंभीरता को देखते हुए कई एंबुलेंस बुलाई गईं। एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदाबाद भेजा गया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। भीषण सड़क हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।
Location : Prayagraj
Published : 26 November 2026, 1:34 AM IST