हिंदी
प्रयागराज में चालान से बचने की तरकीब पड़ी भारी (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज)
Prayagraj: कार के आगे पुलिस का लोगो, डैशबोर्ड पर पुलिस की टोपी और पीछे डॉक्टर का निशान। चालान से बचने के लिए एक शख्स ने ऐसा जुगाड़ लगाया कि आखिरकार खुद ही पुलिस की कार्रवाई की जद में आ गया। प्रयागराज की कर्नलगंज पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान जब कार को रोककर पूछताछ की तो पूरा मामला सामने आ गया। पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार का चालान कर दिया है।
दरअसल, बुधवार यानी 25 नवंबर 2026 को कर्नलगंज थाना पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कचहरी रोड स्थित पुलिस क्लब तिराहे के पास एक व्यक्ति गलत लेन में कार चलाते हुए दिखाई दिया।
पुलिस ने वाहन को रोककर उसकी जांच की तो गहरे नीले रंग की मारुति कार पर पुलिस का लोगो लगा मिला। इसके अलावा कार के डैशबोर्ड पर पुलिस की टोपी (पी-कैप) रखी हुई थी। इतना ही नहीं, कार के पीछे डॉक्टर का लोगो और अंग्रेजी में 'DOCTOR' भी लिखा हुआ था।
चालान से बचने की कोशिश में खुद कटवा बैठा चालान
पुलिस ने वाहन चालक से पूछताछ की तो उसके पुलिस विभाग अथवा स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत होने की पुष्टि नहीं हुई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में चालक ने बताया कि उसने चालान से बचने के उद्देश्य से अपनी निजी कार पर पुलिस और डॉक्टर से संबंधित प्रतीक चिह्न लगाए थे। इसी उद्देश्य से डैशबोर्ड पर पुलिस की टोपी भी रखी थी।
वाहन चालक की पहचान मनोज कुमार यादव पुत्र लाल बहादुर यादव, निवासी ग्राम हरदी, थाना बारा, जनपद प्रयागराज के रूप में हुई है। कार का रजिस्ट्रेशन नंबर UP70 HS 0416 है। कर्नलगंज पुलिस ने वाहन के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की है।
इस कार्रवाई के बाद प्रयागराज पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि संबंधित सरकारी विभाग में कार्यरत नहीं होने की स्थिति में निजी वाहनों पर विभागीय लोगो, प्रतीक चिह्न या पहचान प्रदर्शित करने वाली सामग्री का अनधिकृत इस्तेमाल न करें।
इसके साथ ही पुलिस ने वाहन चालकों से गलत दिशा में वाहन नहीं चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
Location : Prayagraj
Published : 26 November 2026, 1:54 AM IST