“वीडियो कॉल के बाद बढ़ी चिंता…”, दरोगा पति ने पड़ोसी को भेजा, फ्लैट में मृत मिली अधिवक्ता पत्नी

प्रयागराज के पारस ग्रीन अपार्टमेंट में हाईकोर्ट की अधिवक्ता कंचन सिंह की मौत के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं। घटना से कुछ देर पहले उनकी दरोगा पति से वीडियो कॉल पर बातचीत हुई थी, जिसके बाद पति ने पड़ोसी को फ्लैट पर भेजा।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 20 September 2026, 5:02 PM IST
google-preferred

Prayagraj: धूमनगंज थाना क्षेत्र के पारस ग्रीन अपार्टमेंट में शनिवार देर रात एक अधिवक्ता की मौत से सनसनी फैल गई। अपार्टमेंट के नौवें तल पर रहने वाली 33 वर्षीय कंचन सिंह अपने फ्लैट में मृत मिलीं। वह हाईकोर्ट में अधिवक्ता थीं और उनके पति जितेंद्र सिंह उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक हैं। घटना से कुछ समय पहले ही कंचन की अपने पति से वीडियो कॉल पर बातचीत हुई थी। इसके बाद जितेंद्र सिंह ने पड़ोसी को फ्लैट पर भेजा था।

वीडियो कॉल के बाद पति को हुई चिंता

जानकारी के मुताबिक, कंचन सिंह मूल रूप से कानपुर की रहने वाली थीं। उनकी शादी करीब दो साल पहले उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह से हुई थी। शादी के बाद दोनों प्रयागराज के धूमनगंज स्थित पारस ग्रीन अपार्टमेंट में रह रहे थे।

ये भी पढ़ें- Akbarnagar Story: बाढ़ ने रोकी राह, लेकिन नानी की ममता ने खींच लिया नाती को ननिहाल

शनिवार देर रात जितेंद्र सिंह ड्यूटी के सिलसिले में बाहर गए हुए थे, जबकि कंचन फ्लैट में अकेली थीं। इसी दौरान दोनों के बीच वीडियो कॉल पर बातचीत हुई। बातचीत के दौरान कंचन की कही किसी बात से जितेंद्र को चिंता हुई। उन्होंने तत्काल अपार्टमेंट में रहने वाले एक पड़ोसी को फोन किया और फ्लैट में जाकर कंचन को देखने के लिए कहा।

पड़ोसी पहुंचा तो अंदर से बंद था दरवाजा

पति के फोन के बाद पड़ोसी कंचन के फ्लैट पर पहुंचा। बताया जा रहा है कि उस समय फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी प्रयास के बाद दरवाजा खुलवाया गया तो अंदर कंचन मृत अवस्था में मिलीं।घटना की जानकारी मिलते ही जितेंद्र सिंह भी अपार्टमेंट पहुंच गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। कुछ ही देर में पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच शुरू की।

ये भी पढ़ें- कौन देगा जवाब? समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष जेल में और कार्यवाहक फरार घोषित, प्रतापगढ़ में कैसे जीतेंगे 2027 विधानसभा चुनाव? 

फोरेंसिक टीम ने भी की जांच

पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके से किसी सुसाइड नोट के मिलने की जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में पुलिस अब कई पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। जांच में कंचन और उनके पति के बीच हुई आखिरी वीडियो कॉल को भी अहम माना जा रहा है। पुलिस उनके मोबाइल फोन और कॉल से जुड़ी जानकारी की भी जांच कर रही है, ताकि घटना से पहले की परिस्थितियों को समझा जा सके।

मौत की वजह अभी साफ नहीं

धूमनगंज थाना प्रभारी राजीव कुमार के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है।

Location :  Prayagraj

Published :  20 September 2026, 5:02 PM IST

Related News

Advertisement