इटावा में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, हिस्ट्रीशीटर समेत दो शातिर बदमाश गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में थाना बकेवर क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर सागर उर्फ शिवम और उसके साथी मोनू को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया। दोनों पर चोरी, आर्म्स एक्ट और कई गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। मौके से चोरी का गला हुआ सोना-चांदी, नकदी, तमंचे और चोरी के औजार बरामद किए गए हैं।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 22 May 2026, 4:44 PM IST
google-preferred

Etawah: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ से इलाके में हड़कंप मच गया। थाना बकेवर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में हिस्ट्रीशीटर समेत दो शातिर बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान शुरू हुई मुठभेड़

पुलिस के मुताबिक शुक्रवार रात थाना बकेवर पुलिस नगला बरी विशुनामई तिराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक बिजौली की तरफ से आते दिखाई दिए। जब पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो बदमाशों ने अचानक पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग करते हुए आरोपी ग्राम सैदपुर कला की ओर भागने लगे। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया।

पुलिस ने दोनों तरफ से की घेराबंदी

थानाध्यक्ष विपिन मलिक ने तत्काल दूसरी पुलिस टीम को सूचना दी और लुधियानी मार्ग पर घेराबंदी कराई गई। खुद को चारों तरफ से घिरता देख बदमाशों ने एक बार फिर पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान हिस्ट्रीशीटर सागर उर्फ शिवम के दोनों पैरों में गोली लगी, जबकि उसके साथी मोनू के एक पैर में गोली लगी। गोली लगते ही दोनों बदमाश गिर पड़े और पुलिस ने उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

इटावा में लकड़ी माफियाओं का आतंक, वनकर्मियों पर तमंचा तान दी जान से मारने की धमकी

चोरी की कई वारदातें कबूलीं

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार बदमाशों ने कई चोरी की घटनाओं का खुलासा किया है। आरोपियों ने 22 अप्रैल 2026 को विद्या विहार स्थित एक बंद मकान से सोने-चांदी के आभूषण चोरी करना कबूल किया। इसके अलावा 22 मई 2026 को बिजौली फ्लाईओवर के पास स्थित मकान से नकदी चोरी की घटना में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ में और भी कई वारदातों का खुलासा हो सकता है।

मौके से भारी मात्रा में सामान बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से चोरी का 20 ग्राम गला हुआ सोना और 200 ग्राम गली हुई चांदी बरामद की है। इसके अलावा छह हजार रुपये नकद, चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार, एक हथौड़ा, कटर, प्लास और सब्बल भी बरामद किए गए हैं। मौके से एक होंडा सीडी-110 मोटरसाइकिल, दो तमंचे 315 बोर, चार जिंदा कारतूस और छह खोखा कारतूस भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने मोटरसाइकिल को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया है।

इटावा में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, फायरिंग करने वाला शातिर अपराधी पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

हिस्ट्रीशीटर पर हत्या समेत 19 मुकदमे दर्ज

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सागर उर्फ शिवम पुत्र रामशंकर उर्फ पप्पू निवासी गिहार नगर कॉलोनी थाना भरथना और मोनू पुत्र महेश निवासी गिहार नगर कॉलोनी थाना भरथना के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार हिस्ट्रीशीटर सागर उर्फ शिवम पर हत्या, चोरी, आर्म्स एक्ट और पॉक्सो समेत करीब 19 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं मोनू पर भी चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई गंभीर मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।

Location :  Etawah

Published :  22 May 2026, 4:44 PM IST

Advertisement