हिंदी
भीषण सड़क हादसा (Img: Pinterest)
Orai : उत्तर प्रदेश के उरई जिले के कोटरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे कस्बे को झकझोर दिया। मुहर्रम का ताजिया और छड़ देखकर लौट रहे तीन दोस्त तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आ गए। हादसा रात करीब दो बजे एट-कोटरा मार्ग पर हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे।
हादसे में बरकत शाह (22) और सोराब खान (23) की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल अरबाज शाह (20) को पहले स्थानीय अस्पताल, फिर झांसी मेडिकल कॉलेज और बाद में ग्वालियर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। तीनों युवकों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
रातभर बेटों के घर लौटने का इंतजार करती मांओं को सुबह मौत की खबर मिली। जिन बेटों के लिए दरवाजे खुले थे, वे कफन में लिपटकर घर पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मांएं अपने बच्चों की तस्वीरों को सीने से लगाकर बेसुध होती रहीं। एक साथ तीन जनाजे उठने से पूरे कोटरा कस्बे की आंखें नम हो गईं।
अरबाज और सोराब बाइक मिस्त्री थे और अपने परिवार का सहारा बनने के लिए मेहनत कर रहे थे। वहीं बरकत शाह ट्रक चालक था और परिवार की जिम्मेदारियां निभा रहा था। तीनों के सपने एक ही पल में सड़क हादसे की भेंट चढ़ गए।
पुलिस ने हादसे में शामिल मौरंग से भरे डंपर को कब्जे में ले लिया है। चालक घटना के बाद फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस के अनुसार, बाइक सवार तीनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
UP Police Encounter: शामली में काला गैंग का इनामी बदमाश ढेर, कई वारदातों में था लिप्त
इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने दुर्घटना के लिए भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर सख्त नियंत्रण और यातायात नियमों के प्रभावी पालन की मांग की है।
Location : Orai
Published : 27 June 2026, 8:01 AM IST
Topics : Dumper Accident Kotra Road Accident Orai Road Accident Three Friends Killed Uttar Pradesh Accident