हिंदी
सड़क हादसा (Img : pinterest)
Barabanki : मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे ने चार परिवारों में मातम पसरा दिया। बांदा-बहराइच मार्ग पर तेज रफ्तार डंपर ने मोड़ रही कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 साल की हुदा गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
हादसा मसौली थाना क्षेत्र में बिंदौरा चौराहे के पास हुआ। पुलिस के मुताबिक, कार बिंदौरा चौराहे के पास मुड़ रही थी। इसी दौरान बाराबंकी की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठे लोग अंदर फंस गए।
तेज बारिश में पलभर में उजड़ गया परिवार, आमने-सामने भिड़े डंपर और कार; बाराबंकी में दर्दनाक हादसा
हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद राहगीर तुरंत कार के पास पहुंचे और फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश करने लगे। इसी बीच पुलिस को सूचना दी गई। कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया।
सभी घायलों को इलाज के लिए बड़ा गांव सीएचसी भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। बड़ागांव सीएचसी के अधीक्षक डॉ. राधेश्याम गौड़ ने चार लोगों की मौत की पुष्टि की है। वहीं, हादसे में घायल 8 वर्षीय हुदा की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, कार सवार लोग लखनऊ के कमता इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं। कार आदर्श नगर, कमता निवासी मोहम्मद शरीफ के नाम पर दर्ज है। पुलिस अब मृतकों की पहचान कराने के साथ हादसे की पूरी जानकारी जुटा रही है।
हादसे के बाद डंपर चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। टक्कर के बाद कुछ समय तक बांदा-बहराइच मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर आवागमन सामान्य कराया। हादसे की जांच की जा रही है और चालक के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी है।
Location : Barabanki
Published : 25 August 2026, 2:56 PM IST