सीतापुर में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया डंपर, आग लगने से चालक गंभीर रूप से झुलसा

सीतापुर के ऊंचा खेड़ा कला गांव में मिट्टी उतारते समय डंपर 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। आग लगने से चालक गंभीर रूप से झुलस गया।

Post Published By: Ramdev Gupta
Updated : 19 October 2026, 6:03 PM IST
google-preferred

Sitapur: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में सोमवार को मिट्टी उतारते समय एक बड़ा हादसा हो गया। कमलापुर थाना क्षेत्र के ऊंचा खेड़ा कला गांव में डंपर का पिछला हिस्सा उठाते समय वह करीब 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने के बाद डंपर में आग लग गई। इस दौरान जान बचाने के लिए कूदने की कोशिश में चालक गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कसमंडा पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

मिट्टी उतारते समय हाईटेंशन लाइन से टकराया डंपर

जानकारी के अनुसार, डंपर संख्या यूपी डीटी 7606 ऊंचा खेड़ा कला गांव में मिट्टी उतार रहा था। मिट्टी खाली करने के लिए डंपर का पिछला हिस्सा ऊपर उठाया गया था। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में डंपर आ गया। बिजली का करंट फैलते ही डंपर में आग लग गई। अचानक हुई इस घटना से मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

यह भी पढ़ें: एलन मस्क 2027 में अमेरिका के हर बच्चे को देंगे SpaceX का एक शेयर, जानें पूरी योजना

चालक ने कूदकर बचाने की कोशिश की जान

डंपर में आग लगने के बाद चालक ने बाहर कूदकर अपनी जान बचाने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान वह गंभीर रूप से झुलस गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल चालक को सीएचसी कसमंडा पहुंचाया। वहां उसका उपचार शुरू किया गया। चिकित्सकों के अनुसार, उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

बिजली आपूर्ति बंद होने के बाद बुझाई गई आग

घटना की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। ग्रामीणों के मुताबिक, डंपर में आग लगने के बाद बिजली आपूर्ति बंद होने का इंतजार किया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने पानी और पंपिंग सेट की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

यह भी पढ़ें: Stock Market Crash: निवेशकों के 5 लाख करोड़ रुपये डूबे; सेंसेक्स 876 अंक टूटा, जानें बड़ी वजहें…

हादसे के बाद गांव में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। घटना ने एक बार फिर निर्माण कार्यों और मिट्टी उतारने के दौरान हाईटेंशन बिजली लाइनों के आसपास बरती जाने वाली सावधानियों पर सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल चालक की पहचान और डंपर को हुए नुकसान के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

Location :  Sitapur

Published :  19 October 2026, 6:03 PM IST

Advertisement