हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest)
Noida: नोएडा के सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा सोसायटी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर संभव जैन की मौत के मामले में पुलिस जांच के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस के अनुसार, घटना से पहले संभव के पिता ने उन्हें करीब 60 बार फोन किया था, लेकिन इन कॉल का जवाब नहीं मिला। इसके बाद संभव की ओर से पिता को 80 से अधिक मैसेज भेजे गए, जिनमें कर्ज, बीमारी और निजी परेशानियों का जिक्र था।
जांच के मुताबिक, संभव ने पिता को लगातार कई मैसेज भेजकर अपनी जिंदगी में चल रही परेशानियों के बारे में बताया। पुलिस के अनुसार, इन संदेशों से पता चलता है कि वह आर्थिक और निजी समस्याओं को लेकर तनाव में था। मैसेज भेजने के बाद उसने एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया था।
पुलिस अब संभव के मोबाइल फोन, मैसेज और वीडियो समेत डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है, ताकि घटना से पहले उसकी मानसिक और व्यक्तिगत स्थिति को समझा जा सके।
पुलिस के अनुसार, संभव के आखिरी मैसेज में कर्ज को लेकर भी बात सामने आई। उसने पिता से कहा था कि अगर कोई पैसे मांगने आए तो उसे बता दें कि वह अब नहीं रहा। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि संभव पर कितना कर्ज था और किन परिस्थितियों के कारण वह आर्थिक दबाव में था।
जांच में संभव के निजी जीवन से जुड़ी जानकारी भी सामने आई है। 30 वर्षीय संभव जैन गुरुग्राम के डीएलएफ साइबर हब स्थित एक आईटी कंपनी में काम करते थे। उनके पिता भी आईटी सेक्टर में कार्यरत हैं।
पुलिस के मुताबिक, संभव का पत्नी से करीब आठ महीने से विवाद चल रहा था। उनकी पत्नी करीब पांच महीने पहले मायके चली गई थीं और दोनों के बीच तलाक की प्रक्रिया चल रही थी। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि पारिवारिक विवाद का घटना पर कितना असर था।
FBI डायरेक्टर काश पटेल ने की सगाई, 19 साल छोटी सिंगर को पहनाई अंगूठी, जानें कौन है दुल्हन
पुलिस के अनुसार, संभव ने शुक्रवार को सुपरनोवा में एक Airbnb में चेक-इन किया था और शनिवार को चेक-आउट करना था। घटना से पहले पास के कमरे में एसी रिपेयरिंग का काम कर रहे कुछ लोगों ने उसे रोकने और समझाने की कोशिश की थी।
बताया गया कि संभव ने उनसे कहा था कि वह बहुत तनाव में है और जीना नहीं चाहता। लोगों ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना।
पुलिस के अनुसार, रविवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण ऊंचाई से गिरने के बाद लगी गंभीर चोटों से जुड़ा बताया गया है। परिवार ने शनिवार देर शाम सेक्टर-94 में अंतिम संस्कार कर दिया था।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में मोबाइल फोन, मैसेज, वीडियो और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों को शामिल कर रही है। जांच का उद्देश्य घटना से पहले संभव की स्थिति और इसके पीछे की परिस्थितियों को स्पष्ट करना है।
Location : Noida
Published : 5 October 2026, 9:18 AM IST