हिंदी
हरिद्वार से शुरू हुई आस्था की अनोखी यात्रा (Source: Dynamite News)
Muzaffarnagar: सावन की कांवड़ यात्रा के दौरान मुजफ्फरनगर में एक ऐसी अनोखी कांवड़ देखने को मिली जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। शिवभक्त यशवीर अपनी कांवड़ के एक पलड़े में 70 वर्षीय मां कृष्णा देवी और दूसरे पलड़े में 65 वर्षीय चाची फूलों को बैठाकर यात्रा कर रहे हैं। करीब 115 किलो वजन की इस कांवड़ को कंधों पर उठाकर चल रहे यशवीर को लोग आधुनिक दौर का 'श्रवण कुमार' कह रहे हैं।
दूल्हेरा गांव निवासी यशवीर 24 जुलाई को हरिद्वार की हर की पौड़ी से गंगाजल लेकर रवाना हुए। वह अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ पैदल यात्रा करते हुए गांव के शिवालय तक पहुंचेंगे, जहां शिवरात्रि के दिन भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। उनकी अनोखी कांवड़ यात्रा को देखने के लिए रास्ते भर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है।
यशवीर ने बताया कि मां और चाची के साथ कांवड़ यात्रा निकालने का उद्देश्य केवल धार्मिक आस्था नहीं, बल्कि समाज को एक सकारात्मक संदेश देना भी है। उनका कहना है कि आज के समय में कई लोग अपने माता-पिता की उपेक्षा करते हैं, जबकि हर संतान का पहला धर्म उनकी सेवा करना है। उन्होंने कहा कि यदि लोग इस यात्रा से प्रेरणा लेकर अपने माता-पिता का सम्मान करें, तो यही उनकी सबसे बड़ी सफलता होगी।
8 साल से जिस फैसले का था इंतजार… आखिर कोर्ट ने सुना ही दिया बड़ा फैसला
यशवीर ने बताया कि वह पहले भी इस तरह की कांवड़ यात्रा कर चुके हैं और उन्हें इसमें किसी प्रकार की परेशानी महसूस नहीं होती। उनका कहना है कि भगवान भोलेनाथ की कृपा से पूरी यात्रा सुचारु रूप से पूरी हो रही है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने माता-पिता का सम्मान करें और उनकी सेवा को जीवन का सबसे बड़ा धर्म मानें।
झाड़ियों में छिपा था काल… घर की सफाई करते ही 40 वर्षीय युवक के साथ हो गया दर्दनाक हादसा
यशवीर की मां कृष्णा देवी ने बेटे की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें अपने बेटे पर गर्व है। उन्होंने भगवान शिव से बेटे की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की। साथ ही समाज से अपील की कि कोई भी अपने माता-पिता को दुख न दे और उनका सम्मान करे। इस अनोखी कांवड़ यात्रा ने श्रद्धालुओं के साथ-साथ आम लोगों को भी भावुक कर दिया और सेवा, संस्कार तथा पारिवारिक मूल्यों का प्रेरणादायक संदेश दिया।
Location : Muzaffarnagar
Published : 1 August 2026, 8:47 AM IST