हिंदी
भारत पर मॉनसून का सुपर सिस्टम हावी (Img- Pinterest)
New Delhi: बंगाल की खाड़ी में बने एक मजबूत मानसूनी सिस्टम और पूर्वी उत्तर प्रदेश में बने चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र ने देश के बड़े हिस्से में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 1 अगस्त से उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में बारिश का दौर और तेज होने जा रहा है।
इस नए मानसूनी सिस्टम के प्रभाव से अगले 5 दिनों तक देश के करीब 15 राज्यों में मूसलाधार बारिश, 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और आकाशीय बिजली गिरने का बड़ा खतरा मंडरा रहा है।
उत्तर प्रदेश और बिहार में मौसम का रुख सबसे ज्यादा आक्रामक नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने इन दोनों राज्यों के साथ-साथ महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।
उत्तर प्रदेश: नोएडा, मेरठ, सहारनपुर, कानपुर, प्रयागराज और गोरखपुर समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश का अनुमान है।
बिहार: सिवान, बक्सर, मुजफ्फरपुर और भागलपुर समेत 17 जिलों में 70 किमी/घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका है।
सावधान UP! आज 1 अगस्त से छाएंगे काले बादल, 6 दिनों तक आफत बनेगी बारिश, IMD ने जारी किया अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर के लोगों को भी उमस से राहत मिलने वाली है। 1 अगस्त से दिल्ली और आसपास के इलाकों में बादलों की आवाजाही के साथ बारिश की शुरुआत हो सकती है। IMD ने दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, हिमाचल, उत्तराखंड और तमिलनाडु जैसे राज्यों में येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, गुजरात, केरल, कर्नाटक और पूर्वी राजस्थान में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। गुजरात में एहतियातन स्कूलों में छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं।
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में अगले तीन दिनों तक स्थिति संवेदनशील बनी रहेगी। उत्तराखंड के पिथौरागढ़, नैनीताल, उत्तरकाशी और हिमाचल के शिमला, कुल्लू, मनाली जैसे पर्यटन स्थलों पर भारी बारिश के चलते भूस्खलन (Landslide) की आशंका है। मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन ने पर्यटकों और आम लोगों को बेहद जरूरी होने पर ही यात्रा करने और नदी-नालों से दूर रहने की सख्त सलाह दी है।
समुद्र और नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी की संभावना को देखते हुए तटीय इलाकों के मछुआरों को पानी के पास न जाने की हिदायत दी गई है। किसानों को भी अपनी तैयार फसलों और पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी गई है।
Location : New Delhi
Published : 1 August 2026, 7:56 AM IST