हिंदी
चढ़ावा चोरी विवाद के बाद राम मंदिर में बदला सुरक्षा का खाका (Img- Dynamite News)
Ayodhya: अयोध्या के भव्य राम मंदिर में रोजाना लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं और पूरी श्रद्धा से दान-पुण्य कर रहे हैं। हालांकि, हाल ही में चढ़ावा चोरी के कथित विवाद और पुलिसिया कार्रवाई के बाद श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मंदिर की सुरक्षा और दान प्रबंधन को लेकर एक नया और बेहद सख्त मॉनिटरिंग सिस्टम लागू कर दिया है।
ट्रस्ट का मकसद दान प्रबंधन में शत-प्रतिशत पारदर्शिता, विश्वसनीयता और जवाबदेही तय करना है, ताकि भविष्य में इस तरह की किसी भी घटना की गुंजाइश पूरी तरह खत्म हो जाए।
25 जुलाई से राम मंदिर परिसर में दान पेटियों के प्रबंधन को पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी बना दिया गया है। निगरानी के लिए 360 डिग्री कवरेज वाले कैमरे और एसएलआर कैमरे लगाए गए हैं, जो चप्पे-चप्पे की वीडियोग्राफी कर रहे हैं।
युवा, रोजगार, राम मंदिर से लेकर गोरखपुर तक… बदायूं में अखिलेश यादव के कई बड़े वार
इसके अलावा 8 सदस्यों की एक विशेष मॉनिटरिंग टीम का गठन किया गया है। पूरी प्रक्रिया को रिकॉर्ड करने के लिए दो प्रोफेशनल फोटोग्राफर भी नियुक्त किए गए हैं। खाली पेटी लाने से लेकर, भरी पेटी को सील करने और गणना कक्ष तक ले जाने की हर एक गतिविधि को कैमरे में कैद किया जा रहा है।
पहले मंदिर की 40 दान पेटियों में से कई पेटियों को एक साथ खोल दिया जाता था, लेकिन अब इस प्रक्रिया पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। नई व्यवस्था के तहत अब एक दिन में केवल एक ही दान पेटी खोली जाएगी।
दान पेटी के पास से हटते ही भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के अधिकारी उसे तुरंत सील करेंगे। जब तक उस पेटी के चढ़ावे की पूरी गिनती नहीं हो जाती, तब तक दूसरी दान पेटी को हाथ भी नहीं लगाया जाएगा।
न्यास के महंत दिनेन्द्र दास ने सुरक्षा व्यवस्था पर भरोसा जताते हुए कहा कि अब राम मंदिर परिसर से एक रुपया भी इधर-उधर नहीं हो सकता।
निगरानी टीम में बैंक कर्मचारी, न्यास के प्रतिनिधि, सुरक्षा कर्मी और अन्य कर्मचारी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि सावन मास में झूला उत्सव सहित सभी धार्मिक परंपराएं पूर्व की भांति जारी रहेंगी। ट्रस्ट की ओर से उठाए गए इन सख्त कदमों के बाद अब श्रद्धालुओं का भरोसा और मजबूत हुआ है।
Location : Ayodhya
Published : 1 August 2026, 8:57 AM IST
Topics : ayodhya news Mandir Donations Ram Mandir UP News