हिंदी
यूपी में मौसम विभाग का बड़ा अपडेट (Img- Pinterest)
Lucknow: मौसम का मिजाज एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। अगर आप उमस और भीषण गर्मी से परेशान हैं, तो आपके लिए राहत भरी खबर है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर प्रदेश में मानसून फिर से पूरी तरह सक्रिय होने वाला है। शनिवार और रविवार को राज्य के तराई इलाकों से बारिश की शुरुआत होगी, जिसके बाद 4 से 10 अगस्त के बीच पूरे प्रदेश में मेघ जमकर बरसेंगे।
मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और मानसूनी ट्रफ रेखा के UP की तरफ झुकने से राज्य में बारिश की रफ्तार बढ़ेगी। शुरुआत में लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर और इसके आसपास के तराई जिलों में बादल बरसेंगे। इसके बाद धीरे-धीरे बारिश का यह दौर मध्य, पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों तक फैल जाएगा।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 4 अगस्त से प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने (वज्रपात) की प्रबल संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए खास तौर पर बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले आसमान, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे न खड़े होने की सख्त हिदायत दी गई है।
हालिया आंकड़ों पर नजर डालें तो राजधानी लखनऊ में दिन का तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस और रात का पारा 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। राज्य के करीब 45 जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। आने वाले दिनों में लगातार होने वाली बारिश से तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे लोगों को चिपचिपी गर्मी और उमस से काफी हद तक राहत मिलेगी।
लगातार बारिश से जहां एक तरफ मौसम सुहाना होगा, वहीं दूसरी ओर निचले इलाकों में पानी भरने, सड़कों पर ट्रैफिक जाम होने और छोटे-छोटे नालों-नदियों का जलस्तर बढ़ने की भी आशंका है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे खेतों में काम करते समय मौसम के अपडेट पर नजर रखें। आम जनता से भी अपील की गई है कि बहुत जरूरी न हो तो खराब मौसम में यात्रा करने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।
Location : Lucknow
Published : 1 August 2026, 7:44 AM IST