हिंदी
भारी बारिश का अलर्ट (Img- Envato)
New Delhi: देशभर में मानसून पूरी तरह से मेहरबान होने के साथ-साथ कई इलाकों के लिए आफत बन चुका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के 21 राज्यों में हल्की से लेकर अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
अगले 3-4 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम और पश्चिम-मध्य भारत में मानसून का असर और अधिक देखने को मिलेगा। इस दौरान 30 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने की आशंका है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो सकता है।
असम में बीते कई दिनों से जारी बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है। जलस्तर में मामूली गिरावट के बावजूद 3 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं और अब तक 78 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में असम, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड में भारी बारिश की चेतावनी दी है, जिससे तिनसुकिया, धेमाजी और लखीमपुर जिलों में चिंता और बढ़ गई है।
वहीं, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन और जलभराव की घटनाएं सामने आ रही हैं। प्रशासन ने पहाड़ों पर यात्रा करने वालों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
पश्चिम-मध्य छत्तीसगढ़ और विदर्भ के ऊपर बने गहरे अवदाब (Deep Depression) के कारण गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ और पूर्वी राजस्थान में अगले 24 घंटों में अचानक बाढ़ (Flash Floods) आने का जोखिम बढ़ गया है।
गुजरात के सूरत, वडोदरा, अहमदाबाद, भावनगर समेत 13 जिलों में हाई अलर्ट घोषित कर अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। इसके अलावा, समुद्र में उठती तेज लहरों और खराब मौसम को देखते हुए अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के तटीय क्षेत्रों में मछुआरों को न जाने की सख्त हिदायत दी गई है।
दिल्ली-यूपी से असम तक हाहाकार: 14 राज्यों में मानसून का रेड अलर्ट, असम में बाढ़ से 78 की मौत!
दिल्ली-NCR में 31 जुलाई को दिनभर बादल छाए रहने के साथ तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। उत्तर प्रदेश और बिहार में भी 31 जुलाई से 5 अगस्त तक मौसम का रुख सख्त रहेगा। पूर्वी और पश्चिमी यूपी तथा बिहार के अधिकांश जिलों में मूसलाधार बारिश के साथ बिजली गिरने और 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को जलभराव से सावधान रहने को कहा गया है।
Location : New Delhi
Published : 31 July 2026, 7:49 AM IST