हिंदी
घर की सफाई करते समय हुआ हादसा (Source: Dynamite News)
Deoria: देवरिया जनपद के तरकुलवा थाना क्षेत्र के ग्राम बजराटार महुअवा में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। घर की सफाई के दौरान झाड़ियों में छिपे एक जहरीले सांप ने 40 वर्षीय सद्दाम हुसैन को डस लिया। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तरकुलवा ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें देवरिया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हालांकि इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, सद्दाम हुसैन अपने घर के आसपास सफाई कर रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों में छिपा जहरीला सांप अचानक बाहर निकला और उनके पैर में डस लिया। शुरुआत में परिजनों को घटना की गंभीरता का अंदाजा नहीं था, लेकिन कुछ ही देर में उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। इसके बाद परिवार उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचा।
सीएचसी तरकुलवा में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए देवरिया मेडिकल कॉलेज भेज दिया। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने काफी प्रयास किए, लेकिन जहर पूरे शरीर में फैल जाने के कारण सद्दाम हुसैन की जान नहीं बचाई जा सकी। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
8 साल से जिस फैसले का था इंतजार… आखिर कोर्ट ने सुना ही दिया बड़ा फैसला
बताया जा रहा है कि मृतक अपने पीछे पत्नी और करीब पांच वर्ष की एक बेटी को छोड़ गए हैं। परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं और मृतक के परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।
घटना के बाद सांप झाड़ियों में भाग गया और काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। ग्रामीणों ने बरसात के मौसम में घरों और झाड़ियों के आसपास जहरीले सांपों के निकलने की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताई है। लोगों से अपील की गई है कि सफाई के दौरान विशेष सावधानी बरतें और सांप दिखने पर उसे पकड़ने की कोशिश करने के बजाय तुरंत वन विभाग या संबंधित अधिकारियों को सूचना दें।
Location : Deoria
Published : 1 August 2026, 8:37 AM IST
Topics : Deoria News snake bite Uttar Pradesh News