हिंदी
दिनदहाड़े किसान की गोली मारकर हत्या (IMG: Dynamite News)
Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में रविवार को दिनदहाड़े एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात रतनपुरी थाना क्षेत्र के अकबरपुर मथेड़ी गांव के जंगल में हुई। मृतक की पहचान रायपुर नागली निवासी प्रवीण उर्फ प्रविंदर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, किसान बाइक से अपने घर लौट रहा था, तभी उसे गोली मारी गई।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। गोली चलने की सूचना के बाद आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए और पुलिस को जानकारी दी। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मुजफ्फरनगर में 26 साल पुराने केस पर बड़ा फैसला, कोर्ट ने सुनाई ऐसी सजा कि मच गया हड़कंप
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल की जांच के साथ ही पुलिस ने मामले में साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर भी आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाड़िक ने बताया कि 27 सितंबर 2026 को रतनपुरी थाना पुलिस को एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर थाना पुलिस के साथ सीओ बुढ़ाना और वह स्वयं मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्रवीण उर्फ प्रविंदर की गोली मारकर हत्या की गई है और शव को मोर्चरी भेज दिया गया है।
मुजफ्फरनगर में दवाइयों का गुप्त कारोबार, बिना लाइसेंस दवाइयों के कथित कारोबार का खुलासा
एसपी ग्रामीण के मुताबिक, मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें लगाई गई हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान को लेकर जांच जारी है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 27 September 2026, 6:26 PM IST