हिंदी
Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के नई मंडी कोतवाली क्षेत्र से एक बेहद गंभीर और शर्मनाक मामला सामने आया है। नई मंडी कॉलोनी में शुक्रवार रात करीब 10 बजे मां-बेटी के साथ छेड़छाड़ और अभद्रता की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया।
आरोप है कि सुधीर बालियान के बेटे आर्यमान रघुवंशी ने अपने साथी सूर्य गुप्ता के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि दोनों युवक शराब के नशे में स्कूटी से वहां पहुंचे थे।
पीड़िता के मुताबिक, वह रोज की तरह अपनी मां के साथ घर के बाहर टहल रही थी तभी आरोपी पहले वहां से गुजरे और फिर स्कूटी घुमाकर वापस आए। इसके बाद उन्होंने मां-बेटी से अभद्र भाषा में बात करनी शुरू कर दी और आपत्तिजनक टिप्पणियां करने लगे। जब दोनों ने विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
घटना के दौरान पीड़िता ने साहस दिखाते हुए आरोपियों की हरकतों को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे पूरे जिले में हड़कंप मच गया।
वीडियो में दोनों युवक नशे की हालत में गाली देते हुए और पुलिस को लेकर चुनौती भरे अंदाज में बात करते नजर आ रहे हैं। आरोप है कि जब मां-बेटी ने पुलिस को फोन करने की बात कही तो आरोपियों ने कहा कि 'हम खुद पुलिस बुलाते हैं, हमारा कुछ नहीं बिगड़ेगा।'
Jhansi Court Bomb Threat: अपर जिला जज को बम से उड़ाने की धमकी, कोर्ट परिसर में हाई अलर्ट
पीड़िता ने बताया कि आरोपियों ने बेहद आपत्तिजनक और अशोभनीय बातें कहीं, जिन्हें दोहराना भी मुश्किल है। शोर-शराबा सुनकर जब परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी धक्का-मुक्की और हाथापाई की। इसके बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गए।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में गुस्सा और डर दोनों देखने को मिल रहा है। लोगों का कहना है कि अगर इस तरह खुलेआम दबंगई होगी तो आम नागरिकों की सुरक्षा खतरे में पड़ जाएगी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल एक्शन लिया। वायरल वीडियो और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान की गई। अमित जैन ने बताया कि पुलिस ने तुरंत टीम गठित कर दबिश दी और कुछ ही घंटों के भीतर दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
UP Crime: जमीनी विवाद में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, आधा दर्जन लोग घायल
थाना नई मंडी में इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पीड़िता ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए कहा है कि ऐसी घटनाओं पर कड़ी कार्रवाई जरूरी है, ताकि भविष्य में कोई भी महिला इस तरह की घटना का शिकार न बने। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 18 April 2026, 4:27 PM IST