‘पीछे से आया और सब खत्म हो गया’, मिर्जापुर घाटी में ब्रेक फेल होते ही बेकाबू ट्रेलर का तांडव, पिकअप चालक की दर्दनाक मौत

मीरजापुर की ड्रमंडगंज घाटी में रविवार तड़के ब्रेक फेल होने से गिट्टी लदा ट्रेलर बेकाबू हो गया। ट्रेलर ने पिकअप और मिर्च लदे ट्रक को टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप चालक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 6 September 2026, 3:11 PM IST
google-preferred

Mirzapur: उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में ड्रमंडगंज घाटी एक बार फिर बड़े सड़क हादसे की गवाह बनी। वाराणसी-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग-135 पर रविवार तड़के गिट्टी लदे ट्रेलर का अचानक ब्रेक फेल हो गया। बेकाबू ट्रेलर ने पास से गुजर रहे पिकअप वाहन और आगे चल रहे मिर्च लदे ट्रक को टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रेलर और ट्रक चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ट्रेलर और ट्रक सड़क पर पलट गए, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।

बड़का मोड़ पर अचानक फेल हुआ ट्रेलर का ब्रेक

जानकारी के मुताबिक, हादसा रविवार सुबह करीब पांच बजे ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र में बड़का मोड़ घुमान के पास हुआ। मध्य प्रदेश के सीधी जिले से गिट्टी लादकर ट्रेलर बिहार के छपरा जा रहा था।

ट्रेलर जैसे ही घाटी के घुमावदार हिस्से में पहुंचा, अचानक उसका ब्रेक काम करना बंद कर गया। चालक वाहन को संभाल नहीं सका। तेज गति से आगे बढ़ रहे ट्रेलर ने पहले बगल से गुजर रहे पिकअप वाहन को टक्कर मारी और इसके बाद आगे चल रहे मिर्च लदे ट्रक में पीछे से जा भिड़ा।

Mirzapur News: एक साईफन टूटने से कैसे बदल गई गांवों की तस्वीर? पानी में डूबी फसल, अब प्रशासन से उम्मीद

पिकअप चालक की मौके पर मौत

टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में मध्य प्रदेश के रीवा जिले के गुढ़ थाना क्षेत्र निवासी 36 वर्षीय रावेंद्र बसोर की मौके पर ही मौत हो गई।

रावेंद्र पिकअप वाहन में नारियल लादकर रीवा से मीरजापुर की ओर जा रहे थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद उनके परिजन भी ड्रमंडगंज थाने पहुंचे। मृतक के भतीजे अनुज बसोर ने पुलिस को बताया कि रावेंद्र रास्ते में हादसे का शिकार हो गए।

ट्रक और ट्रेलर भी पलटे

ट्रेलर की टक्कर के बाद मिर्च से भरा ट्रक और गिट्टी लदा ट्रेलर दोनों अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गए। ट्रक चालक हाकिम सिंह के सिर में चोट आई है। वह कानपुर देहात के राजपुर गांव के रहने वाले हैं।

हाकिम सिंह ने बताया कि वह तेलंगाना से मिर्च लेकर गोरखपुर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए गिट्टी लदे ट्रेलर ने उनके ट्रक में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक बड़का मोड़ के पास पलट गया।

ट्रेलर चालक की हालत गंभीर

हादसे में ट्रेलर चालक भैया लाल यादव को गंभीर चोटें आईं। वह गाजीपुर जिले के सादियाबाद थाना क्षेत्र के सराय गोकुल गांव के निवासी हैं। उनके सिर, चेहरे और पैर में चोट लगी है।ट्रेलर में मौजूद खलासी तारा यादव को भी चोट आई, लेकिन उसकी हालत सामान्य बताई गई। घायल ट्रेलर चालक को एनएचएआई की एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया।

सड़क पर गड्ढे या गड्ढों पर सड़क? Mirzapur की इन तस्वीरों ने खोली प्रशासन की पोल

पुलिस ने हटवाए दुर्घटनाग्रस्त वाहन

हादसे की सूचना मिलते ही ड्रमंडगंज पुलिस मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार और पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। सड़क पर पलटे ट्रक और ट्रेलर को जेसीबी और क्रेन की मदद से हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया।

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में हादसे की वजह ट्रेलर का ब्रेक फेल होना सामने आई है। मृतक पिकअप चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस घटना की अन्य पहलुओं से भी जांच कर रही है।

Location :  Mirzapur

Published :  6 September 2026, 2:18 PM IST

Related News

Advertisement