हिंदी
मिर्जापुर के सड़क की हालत (Img: Dynamite News)
Mirzapur: वाराणसी-शक्तिनगर स्टेट हाईवे 5A-1 पर सड़क की बदहाली से वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। नारायणपुर क्षेत्र में बने गहरे गड्ढे हादसों को दावत दे रहे हैं, खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह रास्ता बेहद जोखिम भरा हो गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क पर बने कई गड्ढे इतने बड़े हैं कि दूर से देखने पर वे भारत के नक्शे जैसी आकृति में नजर आते हैं। यह स्थिति सड़क की लंबे समय से नहीं हुई मरम्मत की ओर इशारा करती है। इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन और मालवाहक ट्रक गुजरते हैं।
मिर्जापुर के सड़क की हालत (Img: Dynamite News)
ऐसे में सड़क की खराब स्थिति से वाहन चालकों को न केवल परेशानी हो रही है, बल्कि वाहनों के क्षतिग्रस्त होने का खतरा भी बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के दौरान सड़क का स्थायी निर्माण या बड़े स्तर पर मरम्मत करना मुश्किल हो सकता है। इसके बावजूद तत्काल राहत के लिए गड्ढों में गिट्टी डालकर उन्हें भरा जा सकता है।
मिर्जापुर के सड़क की हालत (Img: Dynamite News)
लोगों का कहना है कि कुछ ट्रक गिट्टी डालकर सड़क के बड़े गड्ढों को अस्थायी तौर पर भरा जाए तो यातायात को काफी हद तक सुरक्षित बनाया जा सकता है। उनका कहना है कि स्थायी मरम्मत होने तक कम से कम सड़क को चलने लायक बनाए रखना जरूरी है।
स्थानीय लोगों ने सड़क की बदहाली को लेकर संबंधित विभाग और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि जिले की पांचों विधानसभा सीटों और लोकसभा सीट पर सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधि हैं। इसके अलावा जिले में कई मंत्री भी हैं।
इसके बावजूद इतने महत्वपूर्ण मार्ग की खराब हालत पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की स्थिति सुधारने की जिम्मेदारी संबंधित विभाग के साथ जनप्रतिनिधियों की भी है।
मिर्जापुर के सड़क की हालत (Img: Dynamite News)
सड़क से गुजरने वाले वाहन चालकों का कहना है कि टोल टैक्स देने के बाद भी उन्हें जर्जर सड़क से होकर गुजरना पड़ रहा है। उनका कहना है कि टोल देने में जितनी परेशानी नहीं होती, उससे ज्यादा परेशानी सड़क के गड्ढों के कारण होती है। लोगों ने मांग की है कि जब तक सड़क को सुरक्षित और चलने योग्य नहीं बनाया जाता, तब तक टोल वसूली की व्यवस्था पर भी विचार किया जाना चाहिए।
ये भी पढ़ें: Mirzapur: जमीनी हकीकत की सच्चाई जब सामने आई, तो बोरिंग के नाम पर दिखा बड़ा खेल!
अन्नदाता मंच के संयोजक चौधरी रमेश सिंह ने कहा कि जब तक स्टेट हाईवे 5A-1 का निर्माण और उचित मरम्मत नहीं हो जाती, तब तक हाजीपुर और अहरौरा स्थित टोल प्लाजा पर टोल टैक्स की वसूली बंद की जानी चाहिए। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर सड़क के गड्ढों को भरने और मार्ग की स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि रोजाना गुजरने वाले हजारों वाहन चालकों को राहत मिल सके।
Location : Mirzapur
Published : 3 September 2026, 1:04 PM IST