जज्बे को सलाम! दिव्यांगता बनी नहीं बाधा, साइकिल से देश नापने निकले वासु राइडर ने दिया स्वच्छ पर्यावरण का संदेश

55 प्रतिशत दिव्यांगता के बावजूद आगरा का युवक साइकिल से देश भ्रमण कर रहा है। मिर्जापुर पहुंचकर उसने युवाओं से प्रदूषण कम करने और सड़क सुरक्षा का ध्यान रखने की अपील की।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 17 September 2026, 4:50 PM IST
google-preferred

Mirzapur: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के पर्यावरण प्रदूषण के खिलाफ लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से आगरा का दिव्यांग युवक वासु राइडर साइकिल से देश भ्रमण पर निकला है। 55 प्रतिशत दिव्यांगता के बावजूद वासु ने 2 जून 2025 को अपने घर से यात्रा शुरू की थी। अब तक वह कई जिलों और राज्यों का भ्रमण कर चुका है। मिर्जापुर पहुंचने पर उसने लोगों, खासकर युवाओं से पर्यावरण संरक्षण और सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूक रहने की अपील की।

प्रदूषण कम करने के लिए साइकिल चलाने का संदेश

वासु राइडर का कहना है कि लगातार बढ़ता वायु प्रदूषण आने वाली पीढ़ियों के लिए गंभीर चुनौती बन रहा है। डीजल और पेट्रोल से चलने वाले वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण कार्बन गैसों का उत्सर्जन बढ़ रहा है, जो मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों के लिए नुकसानदायक है। ऐसे में छोटी दूरी तय करने के लिए लोगों को पैदल चलने या साइकिल का इस्तेमाल करने की आदत विकसित करनी चाहिए।

रात में पिता पर हमला, सुबह मां की हत्या! मिर्जापुर में एक ही परिवार पर मनबढ़ का कहर

युवाओं से प्रकृति बचाने की अपील

वासु ने युवाओं से अपील की कि वे अपने आसपास साफ-सफाई रखें और अपना कचरा खुद उठाकर उचित स्थान पर डालें। उनका कहना है कि यदि लोग रोजमर्रा की जिंदगी में छोटे-छोटे बदलाव करें और निजी वाहनों का कम इस्तेमाल करें, तो प्रदूषण को काफी हद तक कम किया जा सकता है। इससे पर्यावरण सुरक्षित रहने के साथ लोगों का स्वास्थ्य भी बेहतर होगा।

सड़क हादसों को लेकर जताई चिंता

साइकिल यात्री ने सड़क दुर्घटनाओं पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आए दिन तेज रफ्तार बाइक या अज्ञात वाहन की टक्कर से युवाओं की मौत की खबरें सामने आती हैं। किसी युवा की मौत या गंभीर रूप से घायल होने का असर केवल उस व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरा परिवार प्रभावित होता है। माता-पिता, पत्नी और बच्चों के सामने जीवनभर की मुश्किलें खड़ी हो जाती हैं।

Mirzapur News: नकली कागजातों से हो रहा था बड़ा खेल! जानिए कैसे मिर्जापुर पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर?

कई राज्यों और देशों तक पहुंचाने का लक्ष्य

वासु राइडर का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, सड़क सुरक्षा और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि वह आगे भी कई राज्यों और देशों की यात्रा करना चाहते हैं। इस दौरान वह लोगों से अपील करेंगे कि वे कम प्रदूषण फैलाने वाले साधनों का इस्तेमाल करें और सड़क पर अपनी सुरक्षा के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।

स्वच्छ पर्यावरण से ही सुरक्षित भविष्य

वासु का कहना है कि प्रकृति को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक और विशेषकर युवाओं का दायित्व है। यदि समय रहते प्रदूषण कम करने और सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाई जाए, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर और सुरक्षित समाज तैयार किया जा सकता है।

Location :  Mirzapur

Published :  17 September 2026, 4:50 PM IST

Advertisement