हिंदी
थाने में दरोगा के बर्थडे का वीडियो वायरल (Img: X)
Meerut: मेरठ में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। लोहिया नगर थाना क्षेत्र की जाकिर कॉलोनी चौकी से सामने आया एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में चौकी पर तैनात दरोगा अंकित कुछ युवकों के साथ जन्मदिन मनाते और केक काटते नजर आ रहे हैं। खास बात यह है कि इस दौरान उनके साथ ऐसा युवक भी दिखाई दे रहा है, जिसके खिलाफ आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि दरोगा अंकित का जन्मदिन अगस्त में कुछ दिन पहले था। इसी दौरान जाकिर कॉलोनी चौकी परिसर में कुछ लोगों की मौजूदगी में केक काटा गया। अब इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने आने के बाद मामला पुलिस अधिकारियों तक पहुंच गया है।
ये भी पढ़ें- Siddharthnagar: घाट पर पहुंचे थे अंतिम संस्कार में, हुई ऐसी घटना कि लौट नहीं सके घर
वीडियो में दरोगा के साथ अब्दुल रहमान नाम का युवक भी दिखाई दे रहा है। जानकारी के मुताबिक, अब्दुल रहमान के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज हैं। वह खुद को एआईएमआईएम का महानगर सचिव भी बताता है। यही वजह है कि वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर पुलिस और दरोगा की भूमिका को लेकर तरह-तरह के सवाल उठ रहे हैं।
लोगों का सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर किसी व्यक्ति के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं, तो पुलिस चौकी के भीतर उसके साथ इस तरह निजी कार्यक्रम क्यों हुआ? हालांकि, वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही यह साफ होगा कि जन्मदिन का आयोजन किन परिस्थितियों में हुआ था और वहां मौजूद लोगों के दरोगा से किस तरह के संबंध थे।
ये भी पढ़ें- चंदौली में दुखद हादसा, स्कूल से लौटते समय काल ने छीने दो मासूम, परिजनों में कोहराम
मामले का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों ने जांच की जिम्मेदारी सीओ कोतवाली संग्राम सिंह को दी है। शुरुआती जांच में अब्दुल रहमान के खिलाफ मुकदमे दर्ज होने की पुष्टि होने की बात सामने आई है। पुलिस अब वायरल वीडियो की पूरी जानकारी जुटा रही है और उसमें नजर आ रहे लोगों से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
सीओ कोतवाली संग्राम सिंह के मुताबिक, वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है और मामले की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Meerut
Published : 25 August 2026, 8:30 AM IST
Topics : crime news meerut news meerut police UP News Viral video