हिंदी
दो मासूमों की दर्दनाक मौत से दहला चंदौली
Chandauli: जनपद के बलुआ थाना क्षेत्र के मथेला गांव में सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया। स्कूल से घर लौट रहे सगे भाई-बहन की बड़ी गंगा नहर में डूबने से मौत हो गई। काफी खोजबीन के बाद दोनों बच्चों के अचेत शव नहर में एक पुल के पास से बरामद किए गए। उन्हें चहनिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद दोनों बच्चों के शव बरामद किए गए। हादसे की खबर से गांव में मातम पसरा रहा।
मौके पर पहुंची एसडीएम और सपा विधायक
मृतकों की पहचान मथेला गांव निवासी गोविंद के बेटे क्षितिज (10) और बेटी साक्षी (4) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, क्षितिज गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा चार का छात्र था, जबकि साक्षी स्कूल परिसर में संचालित आंगनवाड़ी केंद्र जाती थी।
सोमवार को दोनों भाई-बहन स्कूल से घर लौट रहे थे। मथेला गांव के पास बड़ी गंगा नहर के किनारे पहुंचने पर साक्षी अचानक तेज बहाव में गिर गई। उसे बचाने के लिए बड़ा भाई क्षितिज भी नहर में उतर गया। पानी का बहाव तेज होने के कारण दोनों बच्चे बह गए।
मृतक बच्चों के परिजन
बच्चों के नहर में गिरने की जानकारी होते ही आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास शुरू किया। ग्रामीणों ने काफी देर तक नहर में दोनों की तलाश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
मृतक बच्चों की फाइल फोटो
घटना की सूचना मिलते ही बलुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सकलडीहा की एसडीएम आकांक्षा सिंह ने भी घटनास्थल का दौरा कर हादसे की जानकारी ली।
गोविंद की तीन संतानें हैं। हादसे में दो बच्चों की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना के बाद मातम पसरा हुआ है। परिजनों की करुण चीख-पुकार सुनकर मौके पर मौजूद ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं। ग्रामीणों के मुताबिक क्षितिज और साक्षी की मौत की खबर ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया।
Location : Chandauli
Published : 25 August 2026, 1:25 AM IST