हिंदी
2 लाख रुपये किराये में लंदन में कैसा मिलता है आशियाना? (Image: Social Media)
New Delhi: लंदन... दुनिया के उन शहरों में शामिल है, जहां बसने का सपना लाखों लोग देखते हैं। अपनी शानदार लाइफस्टाइल, बेहतर अवसरों और अलग-अलग देशों के लोगों के साथ रहने के अनुभव की वजह से यह शहर दुनियाभर के लोगों को आकर्षित करता है। बड़ी संख्या में भारतीय भी लंदन में रहकर नौकरी कर रहे हैं और अपनी जिंदगी बना रहे हैं। लेकिन लंदन में रहने की कीमत कितनी ज्यादा हो सकती है, इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक भारतीय महिला ने दिखाया है कि करीब 2 लाख रुपये महीने के किराये में उसे लंदन में कैसा घर मिला है।
कंटेंट क्रिएटर आर्या कोठारी ने यह वीडियो शेयर किया है। वीडियो में वह महिला से उसके घर और किराये के बारे में सवाल करते नजर आते हैं। महिला बताती है कि वह अपने छोटे से स्टूडियो अपार्टमेंट के लिए हर महीने करीब 1,850 पाउंड किराया देती है, जो भारतीय मुद्रा में 2 लाख रुपये से ज्यादा बैठता है। जब महिला से घर के साइज के बारे में पूछा गया तो उसने बताया कि उसका अपार्टमेंट सिर्फ 215 वर्गफुट यानी करीब 24 गज का है।
वीडियो में महिला अपने पूरे स्टूडियो का टूर कराती है। इतने छोटे स्पेस में ही किचन, लिविंग एरिया और बेडरूम बनाया गया है। महिला बताती है कि वह इसी छोटे से किचन में खाना बनाती है और इसी जगह पर रहती और सोती भी है। वह खुद भी मानती है कि घर का साइज काफी छोटा है और इसके मुकाबले किराया बहुत ज्यादा है। हालांकि, लंदन में रहने के अपने अलग फायदे भी हैं।
महिला ने बताया कि वह रिन्यूएबल एनर्जी ट्रेडिंग सेक्टर में काम करती है। उसका कहना है कि शायद वह इस घर के लिए अपनी क्षमता से ज्यादा किराया चुका रही है, लेकिन लंदन में रहने का अनुभव उसके लिए खास है। उसने बताया कि भारत में वह ज्यादा आरामदायक जिंदगी जी सकती है, लेकिन लंदन की आजादी, अलग-अलग देशों के लोगों से मिलने और नई संस्कृति को समझने का अनुभव उसे पसंद है।
Location : New Delhi
Published : 23 August 2026, 8:17 PM IST