बरखारानी थम के बरसो, स्कूल-ऑफिस भी जाना है! पानी-पानी हुई दिल्ली, घर से निकलने से पहले पढ़ें ये अपडेट

Description: दिल्ली-NCR में मंगलवार की सुबह बारिश ने लोगों की मुश्किल बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने भारी बारिश और आंधी-तूफान को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक की परेशानी सामने आ सकती है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 25 August 2026, 8:06 AM IST
google-preferred

New Delhi: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में मंगलवार सुबह से बारिश ने रफ्तार पकड़ ली है। कई जगहों पर तेज बारिश के साथ आंधी और बिजली चमकने की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए भारी बारिश और आंधी-तूफान को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। ऐसे में घर से निकलने वाले लोगों के लिए मौसम के साथ-साथ ट्रैफिक की परेशानी भी बढ़ सकती है।

कई इलाकों में जलभराव

दिल्ली-NCR के अलग-अलग हिस्सों में आने वाले कुछ घंटों के दौरान मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान है। लोनी देहात, हिंडन एयर फोर्स स्टेशन, इंदिरापुरम, नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद और मानेसर समेत कई इलाकों में बारिश का असर देखने को मिल सकता है।

इसके अलावा यमुनानगर, पानीपत, गन्नौर, सोनीपत, रोहतक, खरखौदा, झज्जर, फरुखनगर, सोहना, बड़ौत और खेकड़ा में भी तेज बारिश की संभावना जताई गई है। लगातार बारिश के चलते निचले इलाकों में पानी जमा होने से सड़क पर सफर करने वालों की मुश्किल बढ़ सकती है।

ये भी पढे़ं- दिल्ली-NCR से यूपी-बिहार तक फिर बदला मौसम, कल 12 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट; जानें आपके शहर का हाल

ऑफिस और स्कूल जाने वालों के लिए खास परेशानी

सोमवार को भी दिल्ली के कई हिस्सों में जोरदार बारिश हुई थी। मंगलवार को बारिश का सिलसिला जारी रहने से सुबह के समय सड़कों पर ट्रैफिक दबाव बढ़ने की आशंका है। जलभराव वाले रास्तों पर वाहन धीमे चलने से जाम की स्थिति बन सकती है।

गुरुग्राम में बारिश की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने 25 अगस्त को स्कूलों और दफ्तरों के लिए वर्क फ्रॉम होम की सलाह दी है। ऐसे में लोगों को घर से निकलने से पहले अपने रूट और स्थानीय ट्रैफिक स्थिति की जानकारी जरूर लेनी चाहिए।

दिल्ली के बाहर भी मौसम का बदला मिजाज

बारिश का असर सिर्फ दिल्ली-NCR तक सीमित नहीं है। केरल के कई जिलों के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इडुक्की, एर्नाकुलम, त्रिशूर, मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड और कन्नूर में अगले 24 घंटों के दौरान मध्यम से तेज बारिश हो सकती है।

मंगलवार को पथानामथिट्टा, अलप्पुझा, कोट्टायम समेत कई जिलों में येलो अलर्ट है। बुधवार को भी कुछ इलाकों में बारिश को लेकर चेतावनी जारी रहेगी। भारी बारिश वाले क्षेत्रों में भूस्खलन, मडस्लाइड और अचानक बाढ़ का खतरा भी बताया गया है।

ये भी पढे़ं- सावन के अंतिम सोमवार इन्द्रदेव हुए धरतीलोक वालों पर मेहरबान, एनसीआर में करवाई झमाझम बारिश

अरुणाचल प्रदेश में भी बारिश का अलर्ट

अरुणाचल प्रदेश में 28 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मंगलवार और बुधवार को राज्य के 23 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। आने वाले दिनों में कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और आंधी की आशंका है।

ऐसे मौसम में लोगों के लिए जरूरी है कि वे बिना जरूरत लंबे सफर से बचें और मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन की सलाह पर ध्यान दें। खासकर जलभराव और पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।

Location :  New Delhi

Published :  25 August 2026, 8:06 AM IST

Related News

Advertisement